crime-drug-seized-arrested

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में बाजार जा रहे एक युवक की कुछ लोगों ने लाठी डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी और पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। घटना की वजह बीते दिनों मोटरसाइकिल खड़ी करने को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है। घटना शुक्रवार की रात साढ़े सात बजे बोदरवार बाजार में हुई। पुलिस के अनुसार कप्तानगंज थाना के बोदरवार बाजार के 30 वर्षीय गोविंद साहनी घटना के समय घर से कुछ दूरी पर लगने वाले बाजार में सब्जी लेने जा रहे थे।

परिजनों के अनुसार बाजार के ही दलित बस्ती निवासी सुभाष व उसके घर के लोग गोविंद को रास्ते में रोक लाठी से पीटने लगे। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी परिजन को दी। मां सुभद्रा भाग कर मौके पर पहुंची तो गोविंद खून से लथपथ व अचेत पड़े थे। परिजन आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज ले गए, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने गोविंद को मृत घोषित कर दिया।

इस संबंध में थाना प्रभारी दीपक सिंह ने बताया कि वह पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। परिजन व लोगों से घटना की जानकारी ली। आरोपियों की तलाश में जगह-जगह छापेमारी शुरू की गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। परिजनों के अनुसार 15 दिन पूर्व ही सुभाष व गोविंद के बीच मोटरसाइकिल खड़ी करने को लेकर विवाद हुआ था। तब सुभाष ने गोविंद को अपशब्द कहते हुए जान की धमकी दी थी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights