आज महाकुंभ का 33वां दिन है। 13 जनवरी से शुरू हुए महाकुंभ में अब तक 49.14 करोड़ श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। अब यह दुनिया का सबसे बड़ा समागम बन चुका है। अब तक किसी भी धर्म में 31 दिनों में 49.14 करोड़ श्रद्धालु कहीं नहीं जुटे हैं। यह अपने आप में एक विश्व रिकॉर्ड है। इसी के साथ अगले 4 दिनों में 4 और भी विश्व रिकॉर्ड बनने जा रहे हैं।
पहला रिकॉर्ड: 14 फरवरी को 15 हजार सफाईकर्मी 10 किलोमीटर के संगम क्षेत्र की एक साथ सफाई करेंगे। गंगा घाटों पर कर्मियों की तैनाती की गई है। कुंभ 2019 में भी 10 हजार सफाई कर्मचारियों ने एक साथ झाड़ू लगाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया था।
दूसरा रिकॉर्ड: 15 फरवरी को 300 कर्मचारी नदी की सफाई का अभियान चलाएंगे। यह भी नया कीर्तिमान होगा।
तीसरा रिकॉर्ड: 6 फरवरी को त्रिवेणी मार्ग पर ई-रिक्शा की सबसे लंबी परेड होगी।
चौथा रिकॉर्ड: 17 फरवरी को सिंगल ईवेंट में 10 हजार लोगों से हैंडप्रिंट्स लिए जाएंगे।
2019 में भी बना था विश्व रिकॉर्ड
बता दें कि गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की 3 सदस्यीय टीम ने 2019 में भी संगम का दौरा किया था। 28 फरवरी से 3 मार्च के बीच आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में काफी संख्या में लोग शामिल हुए थे। 7000 से अधिक विद्यार्थियों ने अपने एक हाथ की छाप लगाई थी। इसे गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में स्थान दिया गया था।