पाकिस्तान के लिए तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) एक बार फिर सबसे बड़ी सुरक्षा चुनौती बनकर उभरा है। आतंकवादी संगठन न सिर्फ देश के सैन्य ठिकानों पर लगातार हमले कर रहा है, बल्कि अब उसने सीधे सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर को निशाने पर ले लिया है। हाल ही में टीटीपी ने एक ताज़ा वीडियो जारी किया है जिसमें वह 8 अक्टूबर को खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कुर्रम जिले में हुए हमले की जिम्मेदारी लेते हुए पाकिस्तानी सेना को खुली चेतावनी देता दिख रहा है।

कुर्रम हमले का वीडियो और TTP का दावा
वीडियो में संगठन के लड़ाके यह दावा कर रहे हैं कि उनके हमले में 22 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए, जबकि पाकिस्तान की सेना ने आधिकारिक तौर पर 11 जवानों के शहीद होने की बात कही थी। इस वीडियो में टीटीपी ने सेना से छीने गए हथियार, दो पिकअप वाहन और एक ड्रोन कैमरा भी दिखाया है।

अगर मर्द हो तो खुद मैदान में आओ – कमांडर की ललकार
वीडियो में टीटीपी कमांडर अहमद काजिम पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर को सीधे चुनौती देते हुए कहता है — “अगर आप मर्द हैं, तो अपने सैनिकों को मरने न भेजें, खुद मैदान में उतरें। हम आपको असली जंग का मज़ा चखाएंगे।” काजिम ने यह भी दावा किया कि हमले में पाक सेना के मेजर तैयब और कर्नल जुनैद सहित 22 जवान मारे गए। वीडियो में दिखाई गई जली हुई सैन्य गाड़ियां और हथियारों का ढेर पाकिस्तान के लिए गहरी चिंता का विषय बन गया है।

10 करोड़ का इनाम, लेकिन काजिम अब भी आज़ाद
पाकिस्तानी सरकार ने कुछ दिन पहले ही कमांडर अहमद काजिम की गिरफ्तारी या उसके बारे में जानकारी देने पर 10 करोड़ रुपये के इनाम की घोषणा की थी। यह कदम उसकी बढ़ती सक्रियता और सेना पर लगातार बढ़ते हमलों को देखते हुए उठाया गया था। काजिम को टीटीपी का “शैडो गवर्नर” माना जाता है, जो संगठन के प्रमुख अभियानों की अगुवाई करता है।

डोगर किले पर हमला – पाकिस्तान की सुरक्षा पर सवाल
टीटीपी ने दावा किया कि उसके लड़ाकों ने कुर्रम जिले के डोगर इलाके में जोगी सैन्य किले पर धावा बोला था। इस दौरान उन्होंने भारी मात्रा में गोला-बारूद, 20 राइफलें, दो हिलक्स वाहन और एक क्वाडकॉप्टर ड्रोन कब्जे में लिया। पाकिस्तानी सेना ने अब तक इस हमले या वीडियो पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights