मेरठ जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां लोहियानगर थाना क्षेत्र में एक युवती की शादी से पहले दूल्हे के परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। एक मनचले युवक ने फोन पर धमकी दी कि अगर बारात आई तो वह दूल्हे को गोली मार देगा। इस धमकी से दुल्हन और उसके परिवार में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरी सुरक्षा देने का आश्वासन भी दिया है।

क्या है पूरा मामला?
मेरठ के लोहियानगर इलाके की एक युवती की शादी बुलंदशहर के एक युवक से तय हुई है। शादी की तारीख 4 जुलाई को तय की गई है और इसी दिन बारात मेरठ आने वाली है। लेकिन 2 दिन पहले दूल्हे के पिता को एक अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले युवक ने अपना नाम रक्षित, निवासी हैदरपुर (हापुड़) बताया और सीधा धमकी दी कि, अगर बारात मेरठ आई तो दूल्हे को गोली से उड़ा दूंगा।

सिर्फ धमकी नहीं, अपराधी का आपराधिक रिकॉर्ड भी आया सामने
फोन करने वाले रक्षित ने यह भी बताया कि उसका एक साथी रॉबिन, निवासी सियाल, भावनपुर भी उसके साथ है। उसने कहा कि वे दोनों पहले भी जेल जा चुके हैं और किसी से डरते नहीं। जांच में सामने आया कि रक्षित काफी समय से उस युवती को परेशान कर रहा था, और उसके खिलाफ पहले भी शिकायत दी जा चुकी है। जब इस बार बारात को धमकी मिली, तो दोनों पक्षों ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया।

पुलिस में शिकायत, नामजद मुकदमा दर्ज
युवती और दूल्हे के परिवारवालों ने लोहियानगर थाने में जाकर दोनों आरोपियों रक्षित और रॉबिन के खिलाफ नामजद तहरीर दी। पुलिस ने तुरंत FIR दर्ज कर ली है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

पुलिस का भरोसा: पूरी सुरक्षा में होगी शादी 
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि शादी वाले दिन बारात की पूरी सुरक्षा की जाएगी। पुलिस बल तैनात रहेगा ताकि कोई भी गड़बड़ी ना हो सके। आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी। हम पीड़ित परिवार को हरसंभव सुरक्षा देंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights