हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक शर्मनाक मामला सामने आया है जहां एक मंदिर में रहने वाले बाबा ने मासूमियत को तार-तार कर दिया। कोहली क्षेत्र स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर में रहने वाले एक बाबा को दो छोटी बच्चियों के साथ अश्लील हरकतें और यौन उत्पीड़न करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
अभिभावकों ने रंगे हाथ पकड़ा
जानकारी के अनुसार आरोपी बाबा पिछले काफी समय से प्रवासी मजदूरों की मासूम बच्चियों को अपनी हवस का शिकार बना रहा था। बच्चियों के व्यवहार में बदलाव और शक होने पर जब अभिभावक मौके पर पहुंचे तो उन्होंने बाबा को आपत्तिजनक स्थिति में रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद तुरंत पुलिस को इस घिनौनी करतूत की सूचना दी गई।
एसपी ने की पुष्टि: प्राइवेट पार्ट से हुई छेड़छाड़
एसपी हमीरपुर बलवीर सिंह ठाकुर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वयं मोर्चा संभाला। पुलिस टीम ने मंदिर जाकर देर शाम गहन पड़ताल की और पीड़ित बच्चियों व उनके परिजनों के बयान दर्ज किए। पुलिस जांच में पुष्टि हुई है कि बाबा ने 5 साल की मासूम बच्चियों के साथ न केवल अश्लील हरकतें कीं बल्कि उनके प्राइवेट पार्ट से भी छेड़छाड़ की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बाबा को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
लुधियाना का रहने वाला है आरोपी
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान वचित्र सिंह के रूप में हुई है जो मूल रूप से हरिओम कलां लुधियाना (पंजाब) का रहने वाला है। वह पिछले कुछ समय से हमीरपुर के कोहली स्थित मंदिर में रह रहा था। पीड़ित बच्चियां उत्तर प्रदेश के प्रवासियों की हैं जो पास में ही किराए पर रहकर मजदूरी करते हैं।
इलाके में भारी आक्रोश
मंदिर जैसी पवित्र जगह पर इस तरह की हैवानियत की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा है। लोगों ने आरोपी को सख्त से सख्त सजा देने की मांग की है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस ढोंगी बाबा ने पहले भी किसी और बच्चे को अपना शिकार बनाया है।
