मुजफ्फरनगर। भरतिया कालोनी स्थित श्री गणपति धाम मंदिर में इस वर्ष भी भगवान खाटू श्याम जी का पांच दिवसीय फाल्गुन महोत्सव अत्यंत भव्यता और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। 24 फरवरी से 28 फरवरी 2026 तक चलने वाले इस महोत्सव में फूलों की होली, चंग धमाल, निशान यात्रा, भव्य संकीर्तन और विशाल भंडारे जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया है, जिससे यह आयोजन जिले का प्रमुख आकर्षण बनने जा रहा है। सोमवार को श्री गणपति धाम ट्रस्ट समिति (रजि ) के पदाधिकारियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार, 24 फरवरी को सायं 7 बजे ठाकुर जी के साथ फूलों की होली खेली जाएगी। यह कार्यक्रम श्री गोलोक गोरी मंदिर द्वारा संपन्न कराया जाएगा। श्रद्धालु पुष्प वर्षा के बीच बाबा के रंग में रंगे नजर आएंगे। बुधवार 25 फरवरी को सायं 7 बजे मंदिर प्रांगण में चंग धमाल एवं केसर-चंदन होली का आयोजन होगा। इस अवसर पर जयपुर के प्रसिद्ध भजन गायक महेश परमार अपने भजनों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर करेंगे। वहीं बृहस्पतिवार, 26 फरवरी को सायं 6 बजे मंदिर प्रांगण में श्याम नाम की मेहंदी एवं निशान वितरण कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे। शुक्रवार, 27 फरवरी को सुबह 9 बजे एकादशी निशान यात्रा का शुभारंभ शिव चौक से होगा। यात्रा झांसी रानी चौक, टाउन हॉल रोड, मदन स्वीट्स, भोपा पुल, गऊशाला रोड, पीठ बाजार, बिंदल बाजार, स्वीट्स कॉर्नर से डाकखाना रोड होते हुए मंदिर परिसर में संपन्न होगी। इसी दिन रात्रि 7 बजे से मंगला आरती तक भव्य संकीर्तन आयोजित किया जाएगा। मुख्य भजन गायक के रूप में श्रीधाम वृंदावन से पधार रहे संत कुजबिहारी दास जी महाराज भजनों की अमृत वर्षा करेंगे। स्थानीय भजन गायक भी बाबा को रिझाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। शनिवार, 28 फरवरी को रात्रि 7 बजे मंदिर प्रांगण में बधाई उत्सव आयोजित होगा। इसके उपरांत द्वादशी भंडारे के साथ पांच दिवसीय महोत्सव का समापन होगा।
आकर्षण का केंद्र बनेगा सुसज्जित मंदिर परिसर
बंगाली कारीगरों द्वारा मंदिर प्रांगण को नयनाभिराम सजावट से सजाया जा रहा है, जो जिलेभर के श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा। 24 से 28 फरवरी तक मंदिर परिसर में मेले का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें बच्चों के झूले, विभिन्न दुकानें और आकर्षक स्टॉल सजेंगे। श्री गणपति खाटू श्याम मंदिर ट्रस्ट समिति (रजि.) परिवार ने नगर एवं क्षेत्र की समस्त श्रद्धालु जनता से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करें और इस भव्य फाल्गुन उत्सव को सफल बनाएं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य रूप से भीमसंग मसल, अशोक गर्ग, अनिल गोयल, जे.पी. गोयल, कैलाश चंद ज्ञानी, सोमप्रकाश कुछल, अम्बरीश सिंघल, बिजेंद्र कुमार सनो, विनोद राठी, विकांत अग्रवाल, प्रतीक कंसल, नीरज गोयल, अमित गोयल, नवनीत गुप्ता, रजत गोयल, नवीन अग्रवाल, अंकित अग्रवाल, शशांक सना, यश गर्ग, अतुल अरोरा, राहुल श्याम प्रेमी, शुभम तायल व समस्त सदस्य मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights