मुख्यमंत्री के शहर गोरखपुर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्होंने बीच सड़क पर एक पूर्व पार्षद को मौत के घाट उतार दिया। चिलुआताल थाना क्षेत्र में सुबह-सुबह हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है। हमलावर इतने निडर थे कि हत्या करने के बाद वे तब तक मौके पर डटे रहे, जब तक उन्हें यकीन नहीं हो गया कि पूर्व पार्षद की सांसें थम चुकी हैं।

100 मीटर तक जान बचाकर भागे, फिर भी नहीं बख्शा
मृतक की पहचान पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान के रूप में हुई है। चश्मदीदों के मुताबिक, राजकुमार सुबह करीब 5:30 बजे हमेशा की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। तभी चार हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और उन पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के बाद राजकुमार अपनी जान बचाने के लिए करीब 100 मीटर तक बदहवास होकर भागे, लेकिन कातिलों ने उन्हें पीछा करके दोबारा पकड़ लिया। हमलावरों ने उनके सिर, सीने और हाथों पर कई वार किए। हैरत की बात यह है कि हत्या के बाद बदमाश तुरंत फरार नहीं हुए, बल्कि कुछ देर वहीं खड़े होकर मौत का इंतजार करते रहे। जब पुष्टि हो गई कि राजकुमार मर चुके हैं, तभी वे वहां से भागे।

सड़क पर उतरा गुस्सा- 10 थानों की पुलिस तैनात
वारदात की खबर मिलते ही राजकुमार के परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। देखते ही देखते 200 से ज्यादा लोग इकट्ठा हो गए और गोरखपुर-सुनोली रोड को जाम कर दिया। घटनास्थल से गोरखनाथ मंदिर की दूरी महज 5 किलोमीटर है, जिसके चलते प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। मौके पर बढ़ते हंगामे और आक्रोश को देखते हुए आनन-फानन में 10 थानों की पुलिस फोर्स बुला ली गई। बड़े अधिकारी खुद लोगों को समझाने और स्थिति को नियंत्रण में करने की कोशिश कर रहे हैं।

पैदल आए थे हत्यारे
शुरुआती जानकारी के अनुसार, हमलावर अपनी गाड़ी को कुछ दूरी पर खड़ी करके पैदल ही राजकुमार तक पहुंचे थे ताकि किसी को शक ना हो। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights