झामुमो द्वारा बिहार विधानसभा चुनाव में चुनाव न लड़ने पर झारखंड भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा ने बिहार चुनाव में इतनी बार ‘यू’ टर्न मारा है कि अब उसे जेएमएम (यू) कहना चाहिए।

झामुमो की गठबंधन में दाल नहीं गली
प्रतुल शाहदेव ने कहा कि शुरुआत में यह 16 सीट पर चुनाव लड़ना चाहते थे। फिर यू टर्न मारा और सीटों की संख्या 12 कर दी। उसके बाद महा गठबंधन के नेताओं से मिले। सीटों पर फैसला हो गया। फिर यू टर्न मारा और सीटों की संख्या 3 तक घटा दी। शाहदेव ने कहा कि महागठबंधन ने जब ठेंगा दिखाया तो रांची में प्रेस कांफ्रेंस करके 6 सीटों पर लड़ने की घोषणा की। 24 घंटे में फिर से यू टर्न मारा और एक भी सीट पर नामांकन नहीं किया। शाहदेव ने कहा कि इस पूरे प्रकरण में झारखंडी अस्मिता बिहार के चौराहे पर तार तार हो गई। लंबे समय तक झारखंड मुक्ति मोर्चा याचना करती रही, लेकिन गठबंधन में उनकी दाल नहीं गली। शाहदेव ने कहा कि झामुमो के वरिष्ठ नेता कह रहे हैं कि राजद और कांग्रेस ने उनके पीठ में खंजर भोंका है। इस पूरे प्रकरण को राजनीतिक धूर्तता करार दिया।

“क्या मुख्यमंत्री राजद को मंत्रिमंडल से बाहर निकलेंगे”
शाहदेव ने कहा की झारखंड मुक्ति मोर्चा के मंत्री और महासचिव ने घोषणा की कि वह कांग्रेस और राजद के साथ गठबंधन की समीक्षा करेंगे। झारखंड की जनता को बेसब्री से इंतजार रहेगा। वोट गठबंधन को झारखंड की जनता ने दिया था। फिर समीक्षा से क्या निर्णय निकलेगा? शाहदेव ने कहा कि क्या मुख्यमंत्री राजद को मंत्रिमंडल से बाहर निकलेंगे या कांग्रेस के मंत्रियों को भी? या फिर समीक्षा की घोषणा सिर्फ एक ढकोसला निकलेगा? शाहदेव ने कहा कि अब आने वाला समय बताएगा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने पिता शिबू सोरेन के पद चिन्हों पर चलते हुए झारखंडी अस्मिता की रक्षा कर पाएंगे? या एक बार फिर से सत्ता में बने रहने के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा घुटने टेक कर इन दोनों दलों के सामने नतमस्तक रहेगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights