लखनऊ। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री अरविन्द कुमार शर्मा और कर्मचारी नेताओं की तीसरे राउंड की बैठक के बाद यूपी में बिजली कर्मियों की हड़ताल खत्म हो गई है। 65 घंटे चली हड़ताल से UP की जनता परेशान थी। हड़ताल रात 10 बजे तक घोषित थी लेकिन बिजली कर्मचारी यूनियन ने तत्काल वापस लेने की घोषणा की है।

इस मामले में रविवार को ऊर्जा मंत्री एके शर्मा और बिजली कर्मचारी नेताओं के बीच तीसरे राउंड की बैठक में बात बनी। इसके बाद बिजली कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म होने का ऐलान किया। सरकार ने जो 3000 लोगों को निकाला था, 22 लोगों पर एस्मा लगाया था, 29 लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया गया था,ये सब सरकार वापस लेगी। ऊर्जा मंत्री ने बताया कि सभी उत्पीड़न वाली कार्यवाही वापस लेने के लिए उन्होंने यूपीपीसीएल के चेयरमैन को निर्देश दे दिए है।

जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह 11 बजे दूसरे राउंड की वार्ता के लिए कर्मचारी नेता बैठक में पहुंचे। करीब डेढ़ घंटे तक मंत्री का इंतजार किया। मगर, ऊर्जा मंत्री नहीं आए। इसके बाद संघर्ष समिति के नेता लोग चले गए। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक शैलेंद्र दुबे ने कहा कि ऊर्जा मंत्री ने रविवार को बातचीत के लिए बुलाया था। इसलिए, हम लोग आए थे। लेकिन, मंत्री नहीं आए।

गौरतलब है कि शनिवार रात भी ऊर्जा मंत्री और विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के बीच 3 घंटे की पहली मैराथन बैठक हुई थी मगर, इसमें कोई नतीजा नहीं निकला। बिजली कटौती से प्रदेश में करीब 50 लाख उपभोक्ता परेशान थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights