बाहरी दिल्ली के पश्चिम विहार (पूर्व) इलाके में शुक्रवार सुबह अज्ञात हमलावरों ने 50 वर्षीय एक ‘प्रॉपर्टी डीलर’ की कथित रूप से गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान राजकुमार दलाल के रूप में हुई है। जब वह अपनी ‘स्पोर्ट यूटिलिटी व्हीकल’ (एसयूवी) चला रहा था, तभी हमलावरों ने कथित तौर पर उसे घेर लिया और गोलियां चलायीं।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि हमलावर दलाल के भाई को गोली मारना चाहते थे, जिसका कथित तौर पर दिल्ली के गैंगस्टर मंजीत महल से संबंध है। अधिकारी ने बताया कि दलाल की हत्या के पीछे प्रतिद्वंद्वी गिरोहों से जुड़े हमलावरों का हाथ हो सकता है।

उन्होंने कहा कि मामला दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा को स्थानांतरित किये जाने की संभावना है। अधिकारी ने बताया कि हत्यारों ने दलाल पर करीब 15 गोलियां चलाईं।

उन्होंने बताया कि ऐसा प्रतीत होता है कि हमलावरों ने अपराध करने से पहले लक्ष्य की रेकी की थी। दलाल पश्चिम विहार से पंजाबी बाग स्थित अपने जिम जा रहा था, तभी उसे गोली मार दी गई।

सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हो रहा है, जिसमें मृतक चालक सीट पर खून से लथपथ हालत में है। राजकुमार दलाल के परिवार में पत्नी सुजाता और एक बेटा है जो पेशे से डॉक्टर है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस घटना के समय मौजूद कुछ स्थानीय निवासियों से भी पूछताछ कर रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights