बागपत जनपद में बिनौली के रंछाड़ गांव में शनिवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे विवाहिता के परिजनों ने पति पर ही फांसी लगाकर उसकी हत्या करने का आरोप लगाकर थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बागपत भिजवा दिया।
रंछाड़ गांव में शनिवार को सतबीर कश्यप का परिवार खेत पर था। घर में उसके पुत्र पवन की पत्नी अंजू (24) थी। बताया गया कि परिजन जब घर पहुंचे तो अंजू का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। परिवार के लोग व ग्रामीण उसे बड़ौत के एक अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अंजू की मौत की सूचना पर उसके मायके खेड़की गांव से पिता मलखान, मां माया देवी, भाई सचिन, दीपक, बहन सविता आदि लोग रंछाड़ पहुंचे, जिन्होंने वहां पर ससुराल वालों पर दहेज की खातिर अंजू की फांसी लगाकर हत्या करने का आरोप लगाकर हंगामा किया।
