मुजफ्फरनगर। फाल्गुन मास की एकादशी पर मुजफ्फरनगर भक्तिरस में सराबोर नजर आ रहा है। श्री गणपति धाम खाटू श्याम मंदिर समिति के द्वारा मनाये जा रहे पांच दिवसीय खाटू श्याम फाल्गुन महोत्सव में शुक्रवार को शिव चौक से भव्य निशान पदयात्रा का आयोजन किया, जिसमें बाबा श्याम के भक्तों के रूप में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। नई मंडी क्षेत्र के भरतिया कॉलोनी स्थित श्री गणपति धाम खाटू श्याम मंदिर समिति द्वारा 24 फरवरी से मनाये जा रहे फाल्गुन महोत्सव के उपलक्ष्य में बाबा खाटू श्याम की भव्य निशान पदयात्रा का शुभारंभ शुक्रवार को शिव चौक से आस्था के उत्साह के साथ हुआ।

पूजा-अर्चना और मंत्रोच्चारण के बीच जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से यात्रा को रवाना किया। निशान यात्रा का शुभारंभ राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, भाजपा नेता गौरव स्वरूप और मंदिर समिति अध्यक्ष भीमसेन कंसल द्वारा किया गया। इस दौरान शिव चौक परिसर में बाबा श्याम की आरती और भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय हो उठा जनप्रतिनिधियों के साथ हजारों की संख्या में श्रद्धालु हाथों में लाल-पीले निशान लेकर बाबा के जयकारों के साथ पदयात्रा में शामिल हुए। श्रद्धालु भजनों की धुन पर नाचते-गाते हुए नई मंडी स्थित गणपति धाम खाटू श्याम मंदिर की ओर बढ़े। जय श्री श्याम के उद्घोष से पूरा मार्ग गूंजता रहा। यह निशान यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों शिव चौक, झांसी रानी चौक, टाउन हॉल रोड, भोपा पुल और पीठ बाजार से होकर गुजरी। सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए पुष्पवर्षा और जलपान की व्यवस्था की गई।

गणपति धाम खाटू श्याम मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने निशान अर्पित कर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि पांच दिवसीय फाल्गुन महोत्सव के अंतर्गत फूलों की होली, चंग धमाल, संकीर्तन और भंडारे जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। महोत्सव का समापन 28 फरवरी को भव्य भंडारे के साथ होगा। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि बाबा श्याम की निशान यात्रा में शामिल होने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इस अवसर पर अनिल गोयल, जेपी गोयल, अम्बरीष सिंघल, रजत गोयल, अनिल ऐरन, विकल्प जैन, गोल्डी सिंधी, रजत राठी, यश गर्ग, विकास अग्रवाल, प्रतीक सहित हजारों भक्त मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights