शेयर बाजार में मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने एक युवक से 49 लाख रुपए ठग लिए। शुरू में थोड़े निवेश पर लाभ दिखाकर उसका विश्वास जीता गया और फिर धीरे-धीरे बड़ी रकम लगवाई गई। जब युवक ने लाभ की रकम निकालनी चाही, तो आरोपियों ने टैक्स के नाम पर 30% रकम जमा करने की शर्त रख दी। शक होने पर युवक ने साइबर थाने में शिकायत की, जहां मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू हो गई है।

अंजान नंबर से शुरू हुई बातचीत
कमलानगर के कर्मयोगी एन्क्लेव निवासी दीपक जैन को अज्ञात मोबाइल नंबरों से कॉल आने लगे। कॉल करने वाली महिलाओं ने अपने नाम गायत्री और सानवी बताए। उन्होंने दीपक को ‘लैंड प्राइम लिमिटेड’ और ‘एम इंट्राग्लोबल सेवन एक्स डॉट कॉम’ नाम की वेबसाइट पर ट्रेडिंग करने को कहा।

शुरुआत में मिला मुनाफा, फिर फंसा जाल में
महिलाओं ने दावा किया कि इन वेबसाइट्स पर ऑनलाइन ट्रेडिंग से बड़ा फायदा हो सकता है। दीपक ने पहले थोड़ी रकम निवेश की। वेबसाइट पर बने अकाउंट में निवेश के साथ-साथ मुनाफा भी दिखने लगा और पहली बार में रकम की निकासी भी संभव हुई। इससे दीपक का विश्वास और बढ़ गया।

49 लाख का निवेश, 1.38 करोड़ दिखाए खाते में
धीरे-धीरे ठगों ने और निवेश करने का दबाव डाला। दीपक ने करीब 49 लाख रुपए इन वेबसाइट्स में निवेश कर दिए। अकाउंट में दिखाया गया कि मुनाफा मिलाकर कुल 1.38 करोड़ रुपए जमा हैं, लेकिन जब दीपक ने इस रकम को निकालने की कोशिश की, तो ठगों ने कहा कि पहले उसे टैक्स के नाम पर 30% (करीब 41 लाख रुपए) जमा करने होंगे, तभी पैसे मिलेंगे।

शक होने पर दर्ज कराई शिकायत
इतनी बड़ी रकम जमा करने की शर्त सुनकर दीपक को शक हुआ कि कहीं उसके साथ धोखा तो नहीं हो रहा। इसके बाद उन्होंने तुरंत साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज की और फिर साइबर थाना पुलिस को भी मामले की जानकारी दी। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ठगी का नया तरीका बनता जा रहा ऑनलाइन ट्रेडिंग
साइबर पुलिस का कहना है कि यह तरीका अब आम होता जा रहा है। ठग पहले छोटे निवेश पर थोड़ा फायदा दिखाकर भरोसा जीतते हैं, फिर धीरे-धीरे बड़ा निवेश करवा लेते हैं। जब पीड़ित को ठगी का एहसास होता है, तब तक ठग पैसे अन्य खातों में ट्रांसफर कर चुके होते हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights