दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम में शुक्रवार की रात उस समय अफरातफरी मच गई, यहां के व्यस्त रहने वाले सेक्टर-45 स्थित मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के पास गोलियों की तड़तड़ाहट गूंज उठी। प्रॉपर्टी मार्केटिंग कंपनी MNR Buildmark के दफ्तर पर पांच हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोला और अंधाधुंध फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी।
जानकारी के मुताबिक रात करीब 9:20 बजे हुए इस हमले में बदमाश मुख्य गेट को लांघकर दफ्तर के भीतर घुसे और ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। घटनास्थल से 30 से ज्यादा राउंड फायर होने की पुष्टि हुई है। गोलियों से दफ्तर के शीशे टूट गए और भीतर खड़ी महंगी कारें बीएमडब्ल्यू और जैगुआर भी गोलियों की चपेट में आ गईं।
30 राउंड फायरिंग के बाद फरार हुए बदमाश
सबसे राहत की बात यह रही कि दफ्तर में मौजूद लोगों को कोई चोट नहीं लगी। गोलीबारी के बाद सभी हमलावर तुरंत फरार हो गए, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस हमले के पीछे विदेश में बैठे किसी गैंगस्टर का हाथ हो सकता है। शुरुआती जांच में वारदात को आपसी रंजिश या रंगदारी वसूलने की कोशिश से जुड़ा माना जा रहा है।
पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई
सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल से 30 से ज्यादा खोखे बरामद किए गए। जांच अधिकारी बलजीत सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें तैनात कर दी गई हैं। फिलहाल इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
कुख्यात गैंगस्टर दीपक नंदल ने ली जिम्मेदारी
सनसनीखेज हमले की जिम्मेदारी कुख्यात गैंगस्टर दीपक नंदल ने खुद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट जारी कर ली है। पोस्ट के सामने आने के बाद पुलिस और इंटेलिजेंस एजेंसियों में हड़कंप मच गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुई पोस्ट में लिखा है कि यह हमला उसने खुद करवाया है।
उसने आरोप लगाया कि यह फायरिंग एक पुराने पैसों के विवाद के चलते की गई। गैंगस्टर दीपक नंदल के मुताबिक, रोहित रहेजा के रिश्तेदार नितिन तलवार को साल 2019 में पैसा दिया था। जब कई बार मांगने पर भी रकम नहीं चुकाई गई, तो नितिन तलवार अपने परिवार के साथ न्यूजीलैंड भाग गया।
दीपक नंदल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए साफ चेतावनी दी है कि जिसने भी उसका पैसा खाया है, वे जल्द से जल्द भुगतान कर दें। अन्यथा अगला निशाना वही होगा। इस तरह की सीधी धमकी ने गुरुग्राम के बिल्डर और व्यापारी वर्ग में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। गुरुग्राम पुलिस ने इस वायरल सोशल मीडिया पोस्ट को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
