पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण उड़ान सेवाएं बाधित होने के चलते ‘प्री-वेडिंग फोटोशूट’ के लिए दुबई गए उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के दूल्हा और दुल्हन समेत दो परिवारों के पांच लोग वहां फंस गए हैं। कोयला व्यापारी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के निवासी अजय जैन ने सोमवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि उनका बड़ा बेटा प्रिंस जैन (27), जिसकी अप्रैल में शादी होने वाली है, अपनी मंगेतर पायल जैन (26) के साथ दुबई गया था।

उन्होंने बताया कि उनके साथ प्रिंस का छोटा भाई अरिहंत (19), पायल का भाई मोनू जैन (30) और उनकी पत्नी मुस्कान (28) भी हैं। अजय जैन के अनुसार, वे सभी 25 फरवरी को वाराणसी से दिल्ली के लिए निकले और 27 फरवरी को दुबई पहुंचे और उनका दो मार्च को लौटने का कार्यक्रम था। जैन ने कहा, ”वे बुर्ज खलीफा के पास एक होटल में ठहरे हैं। हालांकि, ईरान से जुड़े संघर्ष और क्षेत्र में बढ़ते तनाव के कारण उड़ान सेवाएं निलंबित कर दी गईं और वे योजना के अनुसार वापस नहीं लौट सके।”
जैन ने कहा कि फंसे हुए परिवार के सदस्यों ने दुबई में भारतीय दूतावास से संपर्क किया और उन्हें संबंधित एयरलाइन से संपर्क करने की सलाह दी गई, लेकिन उनकी वापसी पर उन्हें स्पष्टता नहीं मिली है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से हस्तक्षेप करने और उनके बच्चों और रिश्तेदारों की जल्द से जल्द सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने की अपील की।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights