यूपी के बरेली से एक प्राइवेट हॉस्पिटल की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां पर प्रसव आपरेशन के दौरान चिकित्सको ने महिला की बच्चेदानी में कपड़ा छोड़ दिया। इतना ही नहीं इसके बाद टांके भी लगा दिए। इससे महिला की जान मुश्किल में पड़ गई। उसके  गर्भाशय में गंभीर संक्रमण फैल गया। फिर उसे किसी दूसरे अस्पताल में भर्ती किया गया और बड़ी मुश्किल से उसकी जान बच पाई। उसके पति की शिकायत पर कार्रवाई की गई है। 

पेट दर्द से नहीं मिल रही थी राहत 
बता दें कि महिला के पति ताहिर खान ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि तीन जून को गर्भवती पत्नी नूरजहां को एवन अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां पर ऑपरेशन से उसका प्रसव कराया गया, लेकिन उनके बच्चे की मौत हो चुकी थी। बताया कि अस्पताल में उसकी पत्नी को पांच दिन भर्ती रखा। इसके बाद छुट्टी दी। घर आने के बाद भी नूरजहां के पेट में दर्द होता रहता था। टांकों से पस आने लगा तब 10 दिन बाद अल्ट्रासाउंड और डायग्नोस्टिक्स पर सीटी स्कैन कराया। दोनों जगह से आई रिपोर्ट में बताया गया कि बच्चेदानी में ब्लड सफाई का कपड़ा छूट गया है।

शिकायत के बाद हुई कार्रवाई 
बच्चेदानी में कपड़ा छुटने की जानकारी होने पर महिला को किसी दूसरे अस्पताल में भर्ती किया गया। उसके गर्भाशय में गंभीर संक्रमण फैल गया। दूसरे अस्पताल में उसका उपचार कराया गया, जब जान बचाई जा सकी। वहां दोबारा आपरेशन कर कपड़ा भी निकाला गया था। इसके बाद शनिवार को डीएम अविनाश सिंह तक इस मामले की शिकायत पहुंची। पति ने वीडियो भी डीएम को दिखाया। जिसके बाद डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर विश्राम सिंह से कार्रवाई करने को कहा। दोपहर को पहुंची टीम ने अस्पताल सील किया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights