पूर्व प्रधानमंत्री HD देवेगौड़ा के पोते और JDS के पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना को आज रेप केस में सजा सुनाई जाएगी। थोड़ी देर में कर्नाटक की MP-MLA कोर्ट उन्हें सजा सुनाएगी। प्रज्वल 14 महीने से जेल में हैं और बीते दिन 1 अगस्त को उन्हें दोषी करार दिया गया था। वहीं दोषी करार दिए जाने के बाद प्रज्वल रेवन्ना कोर्ट में रो पड़े। प्रज्वल रेवन्ना के वकील ने कोर्ट में अधिकतम सजा दिए जाने के विरोध में दलील दी, जबकि स्पेशल प्रोसिक्यूटर ने अधिकतम 10 साल की कठोर सजा सुनाए जाने की मांग की।

कोर्ट में क्या बोले प्रज्वल रेवन्ना?

अभियोजन और बचाव पक्ष की दलील सुनने के बाद कोर्ट ने रेप केस के दोषी प्रज्वल रेवन्ना से पूछा कि आपको क्या कहना है तो प्रज्वल रेवन्ना ने उदास मन से कहा कि मैंने सांसद रहते हुए बहुत अच्छा काम किया है। मैंने 6 महीने से अपने माता-पिता को नहीं देखा है। मैं एक मेधावी छात्र रहा हूं और मैकेनिकल इंजीनियरिंग में ग्रेजुएट हूं। मैं राजनीति में बहुत जल्दी आ गया था और अच्छा काम करने लगा था, इसीलिए मुझे फंसाया गया है। मैं मीडिया पर आरोप नहीं लगाना चाहता हूं, यह सब पुलिस का काम है।

क्या है प्रज्वल रेवन्ना रेप केस?

प्रज्वल रेवन्ना पर कई महिलाओं का यौन शोषण और दुष्कर्म करने के आरोप हैं। सबूत के तौर पर पीड़िता की साड़ी और वीडियो रिकॉर्डिंग को कोर्ट में पेश किया गया था। उनके खिलाफ रेप और यौन शोषण के 4 अलग-अलग केस दर्ज हैं। चारों केसों से जुड़े 2000 से ज्यादा अश्लील वीडियो क्लिप्स भी सामने आए थे, जो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। कर्नाटक सरकार ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित किया था, जिसने 2000 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की। चार्जशीट में 150 गवाहों के बयान और फॉरेंसिक सबूत शामिल हैं।

मामले में कार्रवाई करते हुए प्रज्वल रेवन्ना को मई 2024 में जर्मनी से लौटने पर बेंगलुरु हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया था। उनकी जमानत याचिका कर्नाटक हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दी थी, क्योंकि प्रज्वल प्रभावशाली परिवार से हैं और केस को प्रभावित कर सकते हैं, इसलिए उन्हें जमानत देने से इनकार कर दिया गया था। इस मामले ने JDS और BJP के गठबंधन को चुनाव में नुकसान पहुंचाया। वहीं रेप और यौन शोषण का मामला दर्ज होने के बाद ने प्रज्वल रेवन्ना को JDS ने पार्टी से निलंबित कर दिया था।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights