महाराष्ट्र के पुणे शहर में रविवार तड़के एक तेज रफ्तार कार के मेट्रो स्टेशन के खंभे से टकरा जाने के कारण उसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह जांच की जा रही है कि क्या यह दुर्घटना नशे की हालत में गाड़ी चलाने के कारण हुई।

कोरेगांव पार्क पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि यह हादसा बंड गार्डन इलाके में सुबह करीब साढ़े चार बजे हुआ। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान ऋतिक भंडारी, यश भंडारी और कुशवंत टेकवानी के रूप में हुई है। ऋतिक और यश चचेरे भाई थे, जबकि कुशवंत पुणे के एक निजी कॉलेज में छात्र था।

वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संगीता जाधव ने बताया, ‘‘कार बंड गार्डन मेट्रो स्टेशन के एक खंभे से टकरा गई।’’ उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां ऋतिक और यश को मृत घोषित कर दिया गया। बाद में कुशवंत ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

एक अन्य अधिकारी ने कहा, ‘‘घटना सुबह चार बजकर 49 मिनट पर हुई। इलाके के सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि तेज रफ्तार कार मेट्रो स्टेशन के खंभे से टकराई। कार में तीन लोग सवार थे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया जिसके कारण यह दुर्घटना हुई।’’

पुलिस उपायुक्त मिलिंद मोहिते ने बताया कि ऋतिक और यश पुणे के पास पिंपरी इलाके के निवासी थे जबकि कुशवंत बीड जिले का रहने वाला था। उन्होंने कहा, ‘‘हम यह भी जांच कर रहे हैं कि क्या उन्होंने शराब पी रखी थी। रक्त के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। इनमें से एक युवक ने अपनी मां को बताया था कि वे एक पार्टी में जा रहे हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights