पुणे जिले के दौंड तालुका के यवत गांव से बड़ी खबर सामने आई है, जहां सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर दो गुटों के बीच तनाव पैदा हो गया। स्थिति को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी दागे हैं। मामला 25 जुलाई की सुबह का है, जब यवत निवासी एक युवक द्वारा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट साझा किए जाने के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस के अनुसार, यह युवक सैय्यद नामक व्यक्ति है, जिसे यवत पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। हालांकि, पोस्ट की सटीक जानकारी अब तक सामने नहीं आई है।

इस बीच, सैय्यद के सहकार नगर स्थित घर पर स्थानीय लोगों द्वारा तोड़फोड़ किए जाने की जानकारी मिली है। हालांकि समय रहते पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आगजनी जैसी गंभीर घटना को टाल दिया। तनाव की जड़ बीते शनिवार, 26 जुलाई को नीलकंठेश्वर मंदिर में छत्रपति शिवाजी महाराज की मूर्ति के साथ कथित छेड़छाड़ की घटना से जुड़ी है। इस घटना को एक समुदाय विशेष के युवक द्वारा अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है, जिसे पुलिस ने तत्काल गिरफ्तार कर लिया था। तभी से यवत इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

घटना की पृष्ठभूमि में रविवार, 27 जुलाई को यवत में जन आक्रोश मोर्चा निकाला गया, जिसे बीजेपी विधायक गोपीचंद पडलकर और राकांपा विधायक संग्राम जगताप ने संबोधित किया। इस मोर्चे में स्थानीय नागरिकों और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ देखी गई। वर्तमान में यवत समेत दौंड तालुका के कई गांवों में बंद का आह्वान किया गया है। पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लगातार गश्त कर रहा है।

पुलिस की अपील:
यवत पुलिस निरीक्षक नारायण देशमुख ने नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और कानून को अपने हाथ में न लें। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights