मुजफ्फरनगर के मोरना गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहरीले सांप को पकड़ने की कोशिश में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान टिंकू उर्फ मोहित के रूप में हुई है। इस घटना ने पूरे गांव में हड़कंप मचा दिया है। वहीं, मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरी घटना का वीडियो सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मुजफ्फरनगर के भोपा थाना क्षेत्र के मोरना गांव में एक युवक की लापरवाही ने उसकी जान ले ली। पड़ोसी के घर में निकले कोबरा को पकड़ने गया युवक वीडियो बनाने के दौरान सांप से खेलने लगा। अपना वीडियो बनाने में वो इतना मशगूल हो गया कि जहरीले कोबरा के दो बार डसने के बावजूद उसे इसका आभास तक नहीं हुआ। आखिरकार अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। घटना दो दिन पुरानी बताई जा रही है, जिसका वीडियो अब सामने आया है।
पड़ोसी ने मोहित को सांप पकड़ने बुलाया था
मिली जानकारी के मुताबिक, मोहित को पड़ोसी अनुज ने अपने घर में घुसे जहरीले सांप को पकड़ने के लिए बुलाया था। मोहित ने सांप को पकड़ लिया और उससे खेलने लगा। बताया जा रहा है कि इस दौरान वह नशे में था। करीब 15 मिनट तक मोहित सांप को गले में लटकाकर और हवा में उछालकर खेलता रहा। इसी बीच सांप ने उसकी गर्दन और हाथ पर डस लिया। मोहित को सांप के काटने का अहसास तक नहीं हुआ। उसने सांप को बोरी में डालकर घर से दूर छोड़ दिया, लेकिन कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी।
सांप से खेलना युवक को पड़ा भारी
हैरानी की बात यह थी कि जब वो सांप से खेल रहा था तो उसे रोकने के बजाय वहां मौजूद पड़ोसी और मोहल्ले के लोग मोबाइल से वीडियो बनाते रहे। मृतक के परिजनों का आरोप है कि अगर समय रहते मोहित को अस्पताल पहुंचाया जाता, तो उसकी जान बच सकती थी। मृतक के भाई अमित ने बताया, अनुज और सोना ने मेरे भाई को सांप पकड़ने के लिए बुलाया। सांप ने उसे काट लिया, लेकिन किसी ने अस्पताल ले जाने की बजाय वीडियो बनाया। इलाज में देरी की वजह से मेरे भाई की जान चली गई।
