27 अगस्त को दरभंगा में राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान एक अजीब घटना हुई. शुभम सौरभ नाम के युवक की बाइक अचानक गायब हो गई. शुभम ने बहुत तलाश की, लेकिन बाइक का कोई पता नहीं चला. आखिरकार सोशल मीडिया पर शेयर की गई उनकी कहानी वायरल हुई और 1 सितंबर को पटना में राहुल गांधी ने उन्हें नई बाइक तोहफे में दी.

क्या था पूरा मामला?

शुभम सौरभ ने बताया कि दरभंगा में जब यात्रा गुजर रही थी, उनकी बाइक होटल के बाहर खड़ी थी. उसी वक्त कुछ सुरक्षाकर्मी उनके पास पहुंचे और बाइक मांगी. शुभम ने मना किया, लेकिन सुरक्षा टीम नहीं मानी और बाइक ले गई. उन्हें थोड़ी देर यात्रा में शामिल भी किया गया, लेकिन बाद में बाइक लेकर सुरक्षाकर्मी चले गए. यात्रा खत्म होने के बाद शुभम ने ढूंढा, मगर बाइक कहीं नहीं मिली.

बाइक गायब होने के बाद शुभम बुरी तरह परेशान हो गए. उन्होंने यात्रा के रास्ते में कई जिलों का दौरा किया और अलग-अलग लोगों से पूछताछ की. लेकिन बाइक का कुछ पता नहीं चला. शुभम ने बताया कि इन 6 दिनों में वह ठीक से सो भी नहीं पाए. बाइक उनके लिए सिर्फ एक गाड़ी नहीं, बल्कि भावनाओं से जुड़ी चीज थी.

सोशल मीडिया बना सहारा

आखिरकार शुभम ने हारकर सोशल मीडिया का सहारा लिया. उन्होंने एक वीडियो बनाकर अपनी कहानी साझा की. वीडियो तेजी से वायरल हुआ और राहुल गांधी की टीम तक पहुंच गया. देखते ही देखते उनकी समस्या पर सबका ध्यान गया और बात राहुल गांधी तक भी पहुंच गई.

राहुल गांधी ने गिफ्ट की बाइक

वायरल वीडियो देखने के बाद राहुल गांधी की टीम ने शुभम से संपर्क किया और भरोसा दिलाया कि उन्हें नई बाइक दी जाएगी. वादा पूरा भी हुआ. 1 सितंबर को पटना में वोटर अधिकार यात्रा के समापन के मौके पर राहुल गांधी ने मंच से ही शुभम को नई पल्सर 220 की चाबी सौंपी.

नई बाइक मिलने के बाद शुभम ने कहा, “जब राहुल जी ने मुझे चाबी दी, तो मेरी सारी परेशानी खत्म हो गई. अब मुझे राहत मिली है.”

मेरा नाम पंकज यादव है. मैं उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का रहने वाला हूं. मैंने लखनऊ यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन और बीबीएयू यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. मुझे पत्रकारिता में लगभग 8 साल का अनुभव है. मैंने इस दौरान अलग-अलग मीडिया संस्थानों लाइव टुडे न्यूज चैनल, इनशॉर्ट्स न्यूज ऐप और दैनिक भास्कर डिजिटल के लिए काम किया है. मुझे पॉलिटिकल, खेल और फीचर से जुड़े लेख लिखना पसंद है.

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights