उत्तर प्रदेश के नोएडा में निर्माणाधीन बिल्डिंग के दलदल में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि मेरठ से एक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। ब्रह्मपुरी इलाके में स्थित ओडियन नाले में गिरने से एक अज्ञात युवक की दर्दनाक मौत हो गई। सोमवार शाम को पुलिस ने नाले से युवक का शव बरामद किया है।

शाम 4 बजे नाले में मिला शव, इलाके में सनसनी
मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार की शाम करीब चार बजे ब्रह्मपुरी थाने के पास स्थित ओडियन नाले में लोगों ने एक शव तैरता हुआ देखा। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के निवासियों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।

पुलिस की शुरुआती जांच
पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि युवक संभवतः शराब के नशे में था। संतुलन बिगड़ने के कारण वह नाले में जा गिरा और पानी व गंदगी में फंसने की वजह से उसकी मौत हो गई। पुलिस को युवक के पास से ऐसा कोई दस्तावेज या पहचान पत्र नहीं मिला है जिससे उसका नाम-पता मालूम चल सके। पुलिस के अनुसार शव को देखकर लग रहा है कि यह करीब दो दिन पुराना है। युवक कहां से आया और कैसे गिरा, इसका पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल शव को मर्चरी में रखवा दिया गया है और शिनाख्त के लिए सोशल मीडिया व थानों में जानकारी साझा की गई है।

प्रशासन की लापरवाही पर उठ रहे सवाल
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर गहरा रोष है। बताया जा रहा है कि ओडियन नाले की बाउंड्री कई जगहों से टूटी हुई है, जिसके कारण पहले भी कई लोग नशे की हालत में या अंधेरे के कारण इसमें गिरकर अपनी जान गंवा चुके हैं। प्रशासन की अनदेखी एक बार फिर एक मासूम की जान पर भारी पड़ गई।

क्या बोले अधिकारी?
सिटी एसपी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि शाम के वक्त ओडियन नाले में एक युवक का शव मिला है। शुरुआती तौर पर मामला नशे की हालत में गिरने का लग रहा है। हालांकि, मौत की सही वजह और समय का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। हम युवक की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights