नगर पालिका की बोर्ड बैठक में अवैध होर्डिंग्स और यूनीपोल का मामला गरमाया है। शहरी क्षेत्र में बिना अनुमति के लग रहे होर्डिंग्स और यूनीपोल पर सभासदों ने पालिका प्रशासन पर सवाल खडे किए है। उक्त अवैध होर्डिंग्स के कारण सड़कों पर अतिक्रमण होना बताया है। सभासदों के सवालों का ईओ प्रज्ञा सिंह के द्वारा जवाब दिया गया है। उन्होंने शहरी क्षेत्र में लगे अवैध होर्डिंग्स और यूनीपोल को हटाने के लिए 11 मार्च से अभियान चलाने के लिए कहा है। ईओ ने इस विशेष अभियान के लिए कर अधीक्षक को नोडल अधिकारी बनाया है, लेकिन उक्त जिम्मेदारी को लेने से पहले ही टीएस स्वयं को बीमार बताते हुए करीब 15 दिन का मेडिकल लेकर अवकाश पर चले गए।
पालिका के टैक्स विभाग में होर्डिंग्स और यूनीपोल की अनुमति को लेकर बडा खेल चल रहा है। टैक्स विभाग के अधिकारी और कुछ कर्मचारियों के द्वारा शहरी क्षेत्र में बिना अनुमति के होर्डिंग्स लगवाए जा रहे है। जिसका खुलासा बोर्ड बैठक में सभासद अन्नू कुरैशी के द्वारा किया गया है। उन्होंने अवैध होर्डिंग्स और यूनीपोल को हटाने के लिए पालिकाध्यक्ष और ईओ से कहा है। ईओ प्रज्ञा सिंह ने बताया कि पालिका स्तर से अवैध होर्डिंग्स और यूनीपोल को चिन्हित किया जा रहा है। 11 मार्च से अवैध होर्डिंग्स हटाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए कर अधीक्षक नरेश कुमार शिवालिया को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। वहीं शहर को तीन जोन में बांटा गया है। जोन प्रथम में समस्त नई मंडी थाना क्षेत्र में राजस्व निरीक्षक अमरजीत सिंह, जोन द्वितीय समस्त शहर कोतवाली क्षेत्र में राजस्व निरीक्षक विजय कुमार और जोन तृतीय में राजस्व निरीक्षक अमित कुमार को टीम के साथ दायित्व दिया गया है। ईओ प्रज्ञा सिंह ने बताया कि टीएस 15 दिन के मेडिकल अवकाश पर चले गए है। ऐसे में पालिकाध्यक्ष से वार्ता करते हुए अन्य अधिकारी को नोडिल बनाया जाएगा।
