मुजफ्फरनगर। हाईकोर्ट के जज सलिल कुमार राय ने जिला जज विनय कुमार द्विवेदी के साथ जिला जेल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कारागार पाकशाला देखी, जहां बंदियों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच की और देखकर खुश हुए। पाकशाला में सफाई बरकरार रखने के निर्देश दिए। इसके बाद वहां के चिकित्सालय में पहुंचे तो भर्ती बंदियों की बीमारी व उन्हें मिल रहे उपचार संबंधि जानकारी एकत्रित की। इसी क्रम में बैरकों में पहुंचकर बंदियों से उनकी समस्याएं पूछी। बाद में वह जेल की पुस्तकालय में पहुंचे, जहां के वातावरण को देखकर वह दंग रह गए। पुस्तकालय परिसर में ही निरक्षर बंदियों को साक्षर बनाने के लिए चल रही कक्षा को देख उन्होंने इस मुहिम को बदलाव की किरण बताया। हाईकोर्ट के जज ने जेल के अंदर पुस्तकालय और पढ़ने वाले बंदियों को देखकर खूब प्रशंसा की। वहीं प्रशासन द्वारा जेल में गठित चैपाल की बैठक हुई, जिसमें जेल चौपाल की कार्यप्रणाली को गहनता से समझा गया तथा चौपाल सदस्यों से रूबरू भी हुए। बंदियों की आम समस्याओं के निवारण के लिए कारागार प्रशासन की इस पहल की प्रशंसा की गई। उन्होंने भी बंदियों के विधिक अधिकारों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही कंप्यूटर प्रशिक्षण कक्ष व रेडियो 90.8 एफएम स्टूडियो का निरीक्षण हुआ। कारागार में संचालित बंदियों की शिक्षा, कौशल विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं के साथ ही परिसर में स्वच्छता एवं अनुशासन की भी निरीक्षण कर्ताओं द्वारा प्रशंसा की गयी। उन्होंने कारागार की विजिटर बुक में जेल अधीक्षक सीताराम शर्मा द्वारा बंदी सुधार की दिशा में किए गए नवाचारों की तारीफ की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights