बीजेपी अध्यक्ष को लेकर सूत्रों के हवाले से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है। बिहार चुनाव के बाद नए BJP अध्यक्ष के नाम का ऐलान किया जा सकता है। नए अध्यक्ष को लेकर अबतक किसी भी नाम पर सहमति नहीं बनी है। संघ और बीजेपी में इसको लेकर मंथन जारी है, फिलहाल राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। वहीं, बिहार में होने जा रहे विधानसभा चुनाव बीजेपी जेपी नड्डा के नेतृत्व में ही लड़ेगी।
बिहार चुनाव के बाद बीजेपी को मिलेगा नया अध्यक्ष
सूत्रों के हवाले से जानकारी मिल रही है कि बीजेपी बिहार चुनाव के बाद अपना नया अध्यक्ष चुन सकती है। पार्टी का पूरा फोकस अभी बिहार चुनाव पर है, जिसकी तारीखों का अब बहुत जल्द ऐलान हो सकता है। चुनाव आयोग (EC) किसी भी दिन बिहार चुनाव की तारीखों की घोषणा कर सकता है। नवंबर में चुनाव होने की संभावना है। बीजेपी की कोशिश यही है कि बिहार में एनडीए की सत्ता बनी रहें, जिसके लिए पूरी ताकत भी झोंक दी गई है।
बीजेपी के मौजूदा अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल करीब दो साल पहले समाप्त होने के बाद उन्हें लगातार एक्सटेंशन दिया जा रहा है।
बीजेपी अध्यक्ष बनने की रेस में कौन-कौन शामिल?
अगले बीजेपी अध्यक्ष की रेस में कई नाम शामिल हैं। इसमें महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का नाम सबसे आगे चल रहा है। माना जा रहा है कि बीजेपी उन पर दांव चल सकती है। फडणवीस के अलावा कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, मनोहर लाल खट्टर, भूपेंद्र यादव भी इस पद के दावेदारों की दौड़ में शामिल हैं।
