मुजफ्फरनगर । द० एस० डी० पब्लिक विद्यालय में देश के 77वें गणतंत्र दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यातिथि श्रीमती आकांक्षा कुमार जी व श्री कार्तिक स्वरूप जी एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती नीलम माहना जी ने ध्वज फहराने के साथ किया। ध्वज फहराने के साथ ही राष्ट्रगान की ध्वनि से सभी का मन झंकृत हो उठा। इसके पश्चात विद्यालय के बच्चों ने देशभक्ति पूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। जहां एक ओर ‘ ए वतन, वतन मेरे आबाद रहे तू ‘ समूहगान व ‘ गुनगुनाओ भारत राग ‘ नृत्य प्रस्तुति सभी के मन को देशभक्ति की धाराओं से पवित्र कर रही थी वहीं दूसरी ओर विद्यालय द्वारा आयोजित भजन प्रतियोगिता के भजन संपूर्ण वातावरण को आध्यात्म से परिपूर्ण कर रहे थे।
मुख्यातिथि श्रीमती आकांक्षा कुमार जी ने सभी को गणतंत्र दिवस की बधाई दी तथा बच्चों की सराहना करते हुए उन्हें अपने कर्तव्य पथ पर अग्रसर रहने की प्रेरणा भी दी।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती नीलम माहना जी ने सभी बच्चों की प्रस्तुतियों व उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों का उत्साह केवल उनके कौशल को ही प्रस्तुत नहीं करता अपितु देश के उज्ज्वल भविष्य की झलक भी प्रस्तुत करता है और देश का उज्ज्वल भविष्य उनके सर्वांगीण विकास पर निर्भर है। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि हम यह न सोचें कि देश ने हमारे लिए क्या किया बल्कि हम स्वयं से यह पूछें कि हमने देश के लिए क्या किया। इसमें ही सबका विकास निहित है।
