उत्तराखंड के कारलीगाढ सहस्त्रधारा में भारी बारिश के चलते बादल फटने की घटना सामने आई है। जिला प्रशासन ने तुरंत रेस्क्यू और राहत अभियान शुरू कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही डीएम सविन बंसल ने कमान संभाली और रात में ही विभागों से समन्वय कर मौके पर रेस्क्यू टीमें भेजीं। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं।
घटना में कुछ दुकानें बह गई हैं, लेकिन जान-माल की कोई क्षति नहीं हुई है। 2 लोग मिसिंग बताए जा रहे हैं, जिनकी खोजबीन जारी है। जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है और IRS सिस्टम से जुड़े विभाग सक्रिय मोड में हैं। डीएम के निर्देश पर एसडीएम कुमकुम जोशी रात्रि में ही घटनास्थल पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि प्रभावितों को जल्द से जल्द राहत पहुंचाई जाए।
उत्तराखंड में भारी बारिश के चलते देहरादून और पिथौरागढ़ जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। मौसम विभाग ने 20 सितंबर तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। देहरादून जिला प्रशासन ने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों और क्लास 1 से 12वीं तक के स्कूलों में अवकाश घोषित किया है।
पिथौरागढ़ में भी स्कूल बंद
पिथौरागढ़ के धारचूला, मुनस्यारी और डीडीहाट तहसील में भी एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। हालांकि, 16 सितंबर को होने वाली मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति परीक्षा यथावत संपादित की जाएगी।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तराखंड के अलग अलग जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। 16 सितंबर को देहरादून, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में अधिकांश स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। 17 सितंबर को देहरादून और बागेश्वर जिलों में अधिकांश स्थानों पर बारिश होगी, जबकि बाकी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
टपकेश्वर महादेव मंदिर जलमग्न
उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण तमसा नदी उफान पर है। टपकेश्वर महादेव मंदिर जलमग्न हो गया है। मंदिर के पुजारी आचार्य बिपिन जोशी ने बताया कि, ‘सुबह 5 बजे से ही नदी में तेज बहाव शुरू हो गया था, पूरा मंदिर परिसर जलमग्न हो गया। ऐसी स्थिति बहुत लंबे समय से नहीं आई थी, कई जगहों पर नुकसान हुआ है।लोगों को इस समय नदियों के पास जाने से बचना चाहिए। मंदिर का गर्भगृह सुरक्षित है। अभी तक किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।’
उत्तराखंड शिक्षा विभाग ने दिए निर्देश
उत्तराखंड शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन ने भी सभी अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उत्तराखंड में भारी बारिश के चलते देहरादून और पिथौरागढ़ जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। मौसम विभाग ने 20 सितंबर तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। सभी से अनुरोध है कि वे सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक कदम उठाएं और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
