उत्तराखंड के देहरादून में हुए कुख्यात विक्रम शर्मा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. राजधानी के सिल्वर सिटी मॉल में दिनदहाड़े गोली मारकर की गई इस सनसनीखेज वारदात के दो आरोपियों को पुलिस ने बनारस से गिरफ्तार कर लिया है. सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बागबेड़ा निवासी विशाल और जुगसलाई निवासी आशुतोष के रूप में हुई है. वहीं तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस नोएडा सहित अन्य संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है.

जिम से निकलते ही हमलावरों ने गैंगस्टर विक्रम के सिर में गोली मार दी

बताया जा रहा है कि शुक्रवार (13 फरवरी) सुबह करीब 10 बजकर 10 मिनट पर झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर विक्रम शर्मा पर हमला किया गया. विक्रम रोज की तरह सिल्वर सिटी स्थित एनी टाइम फिटनेस जिम में वर्कआउट करने गया था. जिम से बाहर निकलते ही सीढ़ियों के पास पहले से घात लगाए बैठे दो हमलावरों ने उसके सिर में गोली मार दी. गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में विक्रम को मैक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कुल तीन बदमाश बाइक पर सवार होकर मॉल पहुंचे थे. इनमें से दो आरोपी पैदल मॉल के अंदर दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देने के बाद कुछ सौ मीटर तक पैदल भागे. इसके बाद वे काले रंग की बाइक पर सवार होकर फरार हो गए.

हमलावरों ने वारदात को अंजाम देते वक्त अपना चेहरा तक नहीं छिपाया

हैरानी की बात यह है कि शूटरों ने अपना चेहरा तक नहीं ढका था. बाइक चला रहा साथी हेलमेट पहने था, लेकिन पीछे बैठे दोनों हमलावर खुले चेहरे के साथ वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए. शहर के सुरक्षित माने जाने वाले पॉश इलाके में हुई इस घटना ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का खुलासा करने में जुटी है.

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights