इजरायल और ईरान पर बढ़ते तनाव के बीच स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई है। दोनों के बीच हो रहे इस युद्ध का अंतरराष्ट्रीय हवाई यातायात पर बड़ा असर पड़ा है। इस हमले के चलते रविवार को दिल्ली से तेल अवीव के लिए रवाना हुई एयर इंडिया की उड़ान (AI 139) को बीच रास्ते से ही डायवर्ट करना पड़ा। यह फैसला सुरक्षा कारणों से उस समय लिया गया जब विमान इजरायल में लैंड करने से महज एक घंटा दूर था।
मिसाइल हमले के बाद बदला गया रूट
ताजा जानकारी के मुताबिक, यमन की ओर से दागी गई एक मिसाइल तेल अवीव हवाई अड्डे के बेहद करीब गिरी। इस हमले के तुरंत बाद एयरपोर्ट पर परिचालन रोक दिया गया। जिस वक्त यह हमला हुआ, एयर इंडिया का बोइंग 787 विमान जॉर्डन के हवाई क्षेत्र में था। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों ने विमान को तत्काल अबू धाबी की ओर मोड़ने का निर्देश दिया।
दिल्ली वापस लौट रहा है विमान
फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, विमान अब वापस दिल्ली की ओर रुख कर चुका है। इस तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए एयर इंडिया ने तेल अवीव से दिल्ली आने वाली रविवार की अपनी अगली उड़ान को भी रद्द कर दिया है। हालांकि एयर इंडिया की ओर से अभी इस मामले पर विस्तृत आधिकारिक बयान आना बाकी है, लेकिन सूत्रों ने पुष्टि की है कि यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है। तेल अवीव हवाई अड्डे के आसपास हवाई यातायात को कुछ समय के लिए निलंबित कर दिया गया था, जिससे कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के शेड्यूल पर असर पड़ा है।
