दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार को सिविल लाइंस स्थित उनके कैंप कार्यालय में ‘जन सुनवाई’ कार्यक्रम के दौरान हमला करने के आरोपी व्यक्ति को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। अदालत के सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों ने बताया कि आरोपी सकारिया राजेशभाई खिमजीभाई (41) को देर रात दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के द्वारका में एक मजिस्ट्रेट के घर पर पेश किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी को तीस हजारी अदालत परिसर में किसी भी मजिस्ट्रेट के सामने पेश नहीं किया गया।

पुलिस ने राजकोट (गुजरात) निवासी आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया है। उस पर कथित तौर पर हमला करने और लोक सेवक को उसके कर्तव्य के निर्वहन में बाधा डालने का भी मामला दर्ज किया गया है।

गुप्ता पर बुधवार सुबह करीब सवा आठ बजे उनके कार्यालय में ‘जन सुनवाई’ कार्यक्रम के दौरान हमला किया गया। उनके कार्यालय ने इस हमले को ‘‘मुख्यमंत्री की हत्या की सुनियोजित साजिश’’ का हिस्सा बताया।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के अधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री की चिकित्सकों ने जांच की और बाद में उनकी एमएलसी (मेडिको लीगल केस) जांच की गई। सूत्रों ने बताया कि खिमजीभाई दो दिन पहले दिल्ली आया था और उत्तरी दिल्ली के सिविल लाइंस में रुका हुआ था।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights