कांग्रेस नेता राहुल गांधी अचानक दिल्ली के करोलबाग में मैकेनिक मार्केट में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मैकेनिक्स से बातचीत की थी और खुद बाइक की सर्विस भी की। इस दौरान राहुल गांधी ने दुकानों पर काम कर रहे लोगों से जुड़ी समस्याओं के बारे में पूछा था, इसका वीडियो अब जारी किया गया है।

करोल बाग में राहुल गांधी जब बाइक की सर्विसिंग कर रहे थे तो एक मैकेनिक ने उनसे पूछा था कि आप शादी कब कर रहे हैं। इस पर राहुल ने मुस्कुराते हुए कहा कि जल्द हो जाएगी। राहुल ने मैकेनिक से पलटते हुए पूछा कि तुम्हारी शादी हो गई तो उसने कहा कि पापा ने लड़की देखने के लिए कहा है, अभी सैलरी कम है। महीने का 14-15 हजार कमा पाते हैं, इतने में घर-परिवार कैसे चला पाएंगे।

जब एक मैकेनिक ने राहुल से पूछा कि आपके पास कौन-सी बाइक है तो उन्होंने बताया कि मेरे पास केटीएम 390 है। इस दौरान राहुल का दर्द भी छलक आया कि वो बाइक नहीं चला पाते हैं क्योंकि सिक्योरिटी वाले चलाने नहीं देते हैं।

राहुल गांधी के जाने के बाद मैकेनिक ने कहा कि हमारे पास चलकर स्वंय राहुल गांधी आए, वो हमसे जानकारी लेने आए थे कि गरीब कैसे जी रहे हैं। एक दूसरे मैकेनिक ने कहा कि हमने कभी नहीं सोचा था कि राहुल के साथ फेस टू फेस मिलकर चाय पी सकते हैं। उसके बाद हम उनके साथ कुछ काम भी किए, हमको मिलकर बड़ी खुशी हुई। एक दुकान मालिक ने कहा कि राहुल गांधी ने कोई राजनीति की बात नहीं की. उन्होंने बेसिक बातें पूछीं। एक नॉर्मल मैकेनिक कैसी लाइफ जीता है, उस नॉर्मल मैकेनिक को क्या-क्या परेशानियां होती हैं। उसको बैंक लोन कैसे मिलता  है, उसके बच्चे कैसे पढ़ते हैं। राहुल गांधी हाल में अमेरिका के उनके दौरे के दौरान भी ट्रक की सवारी करते देखा गया था। उन्होंने ट्रक से वॉशिंगटन से न्यूयॉर्क तक 190 किलोमीटर की यात्रा की थी। इस दौरान उन्होंने ट्रक के ड्राइवर तेजिंदर गिल से बातचीत भी की थी। राहुल ने इस बातचीत का वीडियो भी शेयर किया था।

 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights