मायके पक्ष ने ससुरालियों पर लगाए गंभीर आरोप
मंसूरपुर। थाना मंसूरपुर क्षेत्र के गांव खानुपुर में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जमा हो गई, जबकि मायके पक्ष ने ससुरालियों पर मारपीट कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार करीब तीन वर्ष पूर्व रानी की शादी खानुपुर निवासी करण के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा विवाहिता पर अतिरिक्त दहेज लाने का दबाव बनाया जा रहा था। मायके पक्ष का कहना है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर रानी को लगातार प्रताड़ित किया जाता था और उसके साथ मारपीट की जाती थी। परिजनों का आरोप है कि इसी प्रताड़ना के चलते रानी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष का कहना है कि उन्हें इस घटना की जानकारी रानी के पड़ोसियों द्वारा फोन के माध्यम से मेरठ में गंभीर हालत में रानी के भर्ती होने की सूचना दी गई, जिसके बाद वे तुरंत मेरठ हॉस्पिटल पहुंचे। वहां पहुंचकर उन्होंने अपनी बेटी को मृत अवस्था में पाया, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि रानी की हत्या कर इसे आत्महत्या या हादसे का रूप देने की कोशिश की गई है। उन्होंने इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए पति करण, देवर अर्जुन उर्फ बंटी, ननद करिश्मा उर्फ डोली, सास प्रेमो देवी तथा ससुर सत्यपाल के खिलाफ थाना मंसूरपुर में नामजद तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना मंसूरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
वहीं, इस घटना के बाद गांव खानुपुर में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतका के परिजन लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं और आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
