चित्रकूट जिले में रविवार देर रात झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक रोडवेज बस और जीप की आमने-सामने की टक्कर में तीन भाइयों की मौत हो गई और पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया और मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

चित्रकूट के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अरुण कुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि रविवार देर रात झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग में खोह गांव के नजदीक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) की एक बस और एक जीप की आमने-सामने की टक्कर हो गई तथा इस हादसे में जीप सवार मोहित (14), उसके सगे भाई सुभाष (छह) और उनके चचेरे भाई रोहित (24) की मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि हादसे में शोभा देवी (35), अभिलाषा (15), संध्या (आठ), ओंकार (10) और राजा भइया (36) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें बेहतर इलाज के लिए प्रयागराज के स्वरूप रानी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सिंह ने बताया कि सदर कोतवाली कर्वी क्षेत्र के गढ़ीवा मजरा कैंप का पुरवा निवासी राजा भइया अपने परिवार के सदस्यों के साथ रविवार दोपहर को बहिलपुरवा थाना क्षेत्र के एैंचवारा गांव में अपनी ससुराल में किसी समारोह में शामिल होने गया था लेकिन देर रात घर लौटते समय खोह गांव के पास प्रयागराज की तरफ जा रही बस ने उनकी जीप को टक्कर मार दी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है और तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने इस हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। राज्य सरकार द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के खैरीघाट थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम तेंदुए के हमले में सात वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर किया गया है। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, खैरीघाट थाना क्षेत्र के बाजपुरवा गांव में शाम करीब पांच बजे आफरीन (7), पुत्री तसव्वर, अपने घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान झाड़ियों से निकले तेंदुए ने अचानक उस पर हमला कर दिया। बच्ची अस्पताल में भर्ती बच्ची की चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और शोर मचाते हुए लाठी-डंडों के साथ तेंदुए की ओर बढ़े, जिसके बाद जंगली जानवर वहां से भाग गया। ग्रामीणों ने घायल बच्ची को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। सीएचसी शिवपुर के चिकित्सक डॉ. विकास सिंह ने बताया कि बच्ची गंभीर हालत में अस्पताल लाई गई थी। उसकी स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है। गांव में दहशत का माहौल घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। वन क्षेत्राधिकारी पीयूष गुप्ता ने बताया कि टीम द्वारा क्षेत्र में जांच की जा रही है। रात का समय होने के कारण तेंदुए के स्पष्ट पगचिह्न नहीं मिल सके हैं, लेकिन इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है और आसपास के जंगल व झाड़ियों की निगरानी की जा रही है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने और नियमित गश्त कराने की मांग की है। वन विभाग ने लोगों से बच्चों को अकेले बाहर न भेजने और शाम के समय विशेष सतकर्ता बरतने की अपील की है।

Verified by MonsterInsights