मेरठ से खाकी को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां पर एक दरोगा ने गारमेंट्स शॉप पर चोरी की है। नजर बचते ही दरोगा काउंटर पर रखे कपड़े के 4 बैग उठाकर ले गया। इस चोरी का वीडियो भी वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई करते हुए एसएसपी ने दरोगा को लाइनहाजिर कर दिया है।
दरोगा ने दी धमकी
बता दें कि भगत सिंह मार्केट में सीताराम की सिंघल गारमेंट्स के नाम से कपड़ों की दुकान है। सीताराम ने बताया कि 10 जून को एक टीएसआई (ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर) उनकी दुकान पर आया और काफी देर खड़े रहने के बाद काउंटर पर रखे चार थैले अपने साथ ले गया। दुकानदार ने सामान वापस करने को कहा तो दरोगा ने उसे धमका दिया।
मामला SSP तक पहुंच गया
दुकानदार ने इस घटना की शिकायत की और पुलिस को सीसीटीवी फुटेज सौंपी और कार्रवाई की मांग की। इस मामले में एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने कार्रवाई करते हुए टीएसआई सुमित वशिष्ठ को लाइनहाजि़र कर दिया और जांच बैठा दी।
