नोएडा में एक बार फिर तेज रफ्तार गाड़ी का कहर देखने को मिला है। सेक्टर-20 थाना क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक 5 वर्षीय मासूम बच्ची की जान चली गई है, जबकि स्कूटी पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा तब हुआ जब एक तेज रफ्तार BMW कार ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए BMW कार में सवार दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।

कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, स्कूटी सवार गुल मोहम्मद अपनी 5 वर्षीय बेटी को चाइल्ड पीजीआई अस्पताल दिखाने जा रहे थे। उनके साथ राजा नाम का एक अन्य युवक भी मौजूद था। जैसे ही उनकी स्कूटी सेक्टर-20 थाना क्षेत्र में पहुंची, सामने से तेज रफ्तार से आ रही एक BMW कार ने उन्हें टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी पर सवार तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे। इस हृदयविदारक हादसे में गुल मोहम्मद की बेटी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, गुल मोहम्मद और राजा को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दो आरोपी गिरफ्तार
हादसे की खबर मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए BMW कार में सवार दो युवक अभिषेक और यश को गिरफ्तार कर लिया है।

पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
यह नोएडा में तेज रफ्तार गाड़ियों से जुड़ा कोई पहला हादसा नहीं है। इससे पहले, 3 जून को नोएडा के सेक्टर-53 इलाके में एक बेलगाम थार ने एक युवक को टक्कर मार दी थी। उस घटना में कुछ युवकों के बीच कहासुनी और मारपीट हुई थी, जिसके बाद हमलावर ने थार को तेज़ी से युवक की ओर दौड़ाया और उसे जोरदार टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क से उछलकर नाली में जा गिरा था। उस घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया था।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights