मणिपुर के इंफाल पूर्व जिले में सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित संगठनों के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है जबकि तेंगनौपाल जिले से विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को इंफाल पूर्व के पैलेस गेट इलाके से प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (एमसी प्रोग्रेसिव) के दो सदस्य गिरफ्तार किए गए। उन्होंने बताया कि इसी दिन इंफाल पूर्व जिले के नोंगदा इलाके से प्रतिबंधित प्रेपाक (प्रो) के एक सदस्य को उसके आवास से गिरफ्तार किया गया।

बुधवार को एक अलग अभियान के दौरान चूड़ाचांदपुर जिले के संगाईकोट से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से 36 किलोग्राम से अधिक अफीम बरामद की गई।

अधिकारी ने बताया कि बहस्पतिवार को तेंगनौपाल जिले के तराओ लामखाई इलाके से सुरक्षा बलों ने तीन देसी ‘पोंपी’ मोर्टार, स्थानीय रूप से निर्मित एक तोप, एक आईईडी और तीन हथगोले बरामद किए।

उन्होंने बताया कि बुधवार को भारत-म्यांमा सीमा के पास मोरेह थाना क्षेत्र के यांगौबुंग गांव में तीन आईईडी को निष्क्रिय भी किया गया। बृहस्पतिवार को चूड़ाचांदपुर जिले के सैकुल गांव से हथियारों और विस्फोटकों का एक जखीरा बरामद किया गया।

मई 2023 में जातीय हिंसा भड़कने के बाद से मणिपुर में सुरक्षा बल लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं। मेइती और कुकी-जो समुदायों के बीच हुई हिंसा में अब तक 260 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग बेघर हो गए हैं। मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के पिछले वर्ष इस्तीफे के बाद केंद्र सरकार ने मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया था।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights