मुजफ्फरनगर। जनपद में बाबा के वेश में अराजक तत्वों द्वारा हिन्दू समाज की आस्था को ठेस पहुँचाने तथा भोले-भाले लोगों को अपनी बातों में फंसाकर ठगी करने के लगातार सामने आ रहे मामलों को लेकर अब सामाजिक संगठनों का आक्रोश खुलकर सामने आने लगा है। इसी कड़ी में गोरख सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र नायक के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पहुँचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और ढोंगी बाबाओं के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की मांग की।वसमिति के पदाधिकारियों ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व साधु-संतों का भेष धारण कर हिन्दू समाज की धार्मिक भावनाओं का दुरुपयोग कर रहे हैं। ये लोग चमत्कार, तंत्र-मंत्र और झूठे वादों का सहारा लेकर लोगों से मोटी रकम ऐंठते हैं। इतना ही नहीं, कई मामलों में महिलाओं और बुजुर्गों को भी मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र नायक ने कहा कि सच्चे संत-महात्माओं की आड़ लेकर ठगी करने वाले ऐसे ढोंगी तत्व न केवल समाज को गुमराह कर रहे हैं बल्कि सनातन परंपरा की गरिमा को भी धूमिल कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऐसे लोगों की पहचान कर विशेष जांच अभियान चलाया जाए, उनके आश्रमों और गतिविधियों की निगरानी की जाए तथा दोषी पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि धार्मिक स्थलों और मेलों में सक्रिय संदिग्ध व्यक्तियों पर पुलिस की पैनी नजर रखी जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की ठगी या अनैतिक गतिविधि को रोका जा सके। समिति के कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे जनजागरण अभियान चलाकर व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और सभी ने एक स्वर में प्रशासन से समाज की आस्था की रक्षा करने की मांग की। जिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
समाज में बढ़ती इस प्रवृत्ति को लेकर अब जागरूकता और प्रशासनिक सख्ती दोनों की आवश्यकता महसूस की जा रही है, ताकि धर्म के नाम पर ठगी करने वालों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके और आमजन की आस्था सुरक्षित रह सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights