देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर उत्तर प्रदेश में राजकीय शोक की घोषणा की गई है। यूपी में सात दिनों तक राजकीय शोक मनाया जाएगा। जो कि 26 दिसंबर से प्रारंभ होकर एक जनवरी तक चलेगा। राज्य में 26 दिसंबर, 2024 से 1 जनवरी, 2025 तक राजकीय शोक मनाया जाएगा। झंडा आधा झुका रहेगा और कोई आधिकारिक मनोरंजन आयोजित नहीं किया जाएगा। इस बारे में संबंधित आदेश जारी कर दिए गए हैं।

गौरतलब है कि डॉ. मनमोहन सिंह का 92 वर्ष की आयु में दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया। उन्हें गुरुवार, 26 दिसंबर को उम्र संबंधी समस्याओं के चलते शाम 8:06 बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, रात 9:51 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉ. मनमोहन सिंह भारत के प्रखर अर्थशास्त्री थे और 1991 में देश में आर्थिक उदारीकरण की प्रक्रिया की शुरुआत करने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी। वे 2004 से 2014 तक देश के प्रधानमंत्री रहे। उनके निधन के साथ ही देशभर में शोक की लहर दौड़ गई है। केंद्र सरकार ने पहले ही सात दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया था, और अब उत्तर प्रदेश सरकार ने भी इस शोक का पालन करते हुए राजकीय शोक की घोषणा की है।

PunjabKesari
डॉ. मनमोहन सिंह भारतीय राजनीति और अर्थव्यवस्था के एक अद्वितीय व्यक्तित्व थे। भारत के 14वें प्रधानमंत्री के रूप में वर्ष 2004 से 2014 तक 10 वर्षों तक देश का नेतृत्व किया। उनके नेतृत्व में भारत ने कई महत्वपूर्ण आर्थिक सुधार देखे, जिन्होंने देश की प्रगति की दिशा को बदल दिया। पिछले कुछ माह से उनका स्वास्थ्य खराब चल रहा था। उनके परिवार में पत्नी गुरशरण कौर और तीन बेटियां हैं। उनके निधन से देश ने न केवल एक कुशल राजनेता बल्कि एक दूरदर्शी अर्थशास्त्री को खो दिया है। उनका योगदान भारतीय राजनीति और समाज में सदैव याद किया जाएगा।

 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights