उत्तराखंड में हरिद्वार के लस्कर में संयुक्त स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में तैनात सरकारी चिकित्सक डॉ. अनमोल सिंह के साथ गुरुवार देर शाम अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट के प्रयास का मामला सामने आया है। घटना के बाद चिकित्सक ने शुक्रवार को लक्सर पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कारर्वाई और सुरक्षा की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डॉ. अनमोल इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात थे, तभी उनके मोबाइल फोन पर हर्षवर्धन नामक व्यक्ति का कॉल आया। कॉल करने वाले ने डॉक्टर की लोकेशन पूछी। डॉक्टर द्वारा खुद के इमरजेंसी वाडर् में होने की जानकारी देने के कुछ ही देर बाद आरोपी अपने साथियों के साथ अस्पताल परिसर में पहुंच गया।
आरोप है कि अस्पताल पहुंचते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते मामला बढ़ गया। आरोपियों ने डॉक्टर के साथ धक्का-मुक्की करते हुए हाथापाई का प्रयास किया। मौके पर मौजूद अस्पताल स्टाफ ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला जिससे बड़ा विवाद टल गया। जाते-जाते आरोपी डॉक्टर को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। बताया जा रहा है कि पूरा विवाद मरीजों को निजी अस्पताल में रेफर करने के कथित मामले से जुड़ा है।
सूत्रों के अनुसार, सीएचसी लक्सर में इंटर्नशिप कर रहा एक छात्र मरीजों को निजी अस्पताल भेजने में संलिप्त था। इस पर डॉ. अनमोल ने कारर्वाई करते हुए उसे इंटर्नशिप से हटा दिया था, जिसके बाद यह विवाद सामने आया। घटना के बाद चिकित्सक ने खुद को असुरक्षित बताते हुए पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आवश्यक कारर्वाई की जाएगी।
