झारखंड के जादूगोड़ा की रहने वाली 26 वर्षीय युवती ने उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित IIT परिसर में आत्महत्या कर ली। वह संस्थान में जूनियर टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत थी। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और कमरे से एक डायरी भी बरामद की है।

जिले के जादूगोड़ा की अंजू कुमारी (26) ने शनिवार को IIT कानपुर परिसर में अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वह यहां जूनियर टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत थीं। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह अंजू की अपने मंगेतर पंकज से फोन पर बात हो रही थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान अंजू ने कथित तौर पर कहा कि वह अपनी जान दे देगी और इसके बाद फोन काट दिया।

फोन कटने के बाद पंकज ने IIT कैंपस में रहने वाले अपने दोस्त सूरज को कॉल किया। सूरज व्यस्त था, इसलिए उसने अपने भाई सुरेश को अंजू के कमरे पर जाने के लिए कहा। सुरेश जब वहां पहुंचा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद वॉर्डन को सूचना दी गई। वॉर्डन और सुरेश ने पुलिस को सूचना दी और दरवाजा तोड़ा गया। अंदर अंजू का शव पंखे से लटका मिला। उन्हें तुरंत IIT कैंपस के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। एडीसीपी वेस्ट कपिल देव सिंह ने बताया कि कमरे की जांच के दौरान एक डायरी मिली है। डायरी में अंजू ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी कई बातें लिखी थीं। पुलिस सुसाइड के कारणों की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि अंजू की शादी उड़ीसा के पावर हाउस में तैनात पंकज से तय हुई थी। कुछ दिनों बाद दोनों की सगाई भी होने वाली थी। परिवार वालों का कहना है कि अंजू ने कभी किसी परेशानी का जिक्र नहीं किया था। उन्हें समझ नहीं आ रहा कि उसने यह कदम क्यों उठाया।घटना की सूचना के बाद परिजन झारखंड से कानपुर के लिए रवाना हो गए हैं। उनके पहुंचने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights