कप्तान रोहित के दो गोल की मदद से भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने शनिवार को यहां ग्रेट ब्रिटेन पर 3-2 से जीत के साथ सुल्तान जोहोर कप में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की।

रोहित (45वें और 52वें मिनट) और रवनीत सिंह (23) ने भारत के लिए गोल किए जबकि माइकल रॉयडेन (26) और कैडेन ड्रेसी (46) ने ग्रेट ब्रिटेन के लिए गोल किए। पहले क्वार्टर में दोनों टीमों ने अंत तक रोमांचक हॉकी का प्रदर्शन किया लेकिन कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी।

भारत को 13वें मिनट में दिन का पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन ग्रेट ब्रिटेन ने यह खतरा टाल दिया। भारत ने गोल करने के अच्छे प्रयासों के साथ शानदार आक्रामक रुख दिखाया, लेकिन ग्रेट ब्रिटेन ने भी अपनी रक्षापंक्ति में मज़बूती दिखाई। भारत को 16वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन ग्रेट ब्रिटेन के गोलकीपर ने बड़ी बहादुरी से उसे भी बचा दिया।

भारत 22वें मिनट में गोल करने के करीब पहुंच गया था, लेकिन मनमीत सिंह के शॉट को ग्रेट ब्रिटेन के डिफेंस ने रोक दिया। भारत ने आखिरकार अगले ही मिनट में अपना पहला गोल कर दिया। गुरजोत सिंह ने दाईं ओर से सर्कल में ज़ोरदार दौड़ लगाई और ग्रेट ब्रिटेन की रक्षा पंक्ति को चीरते हुए दूर पोस्ट तक गेंद पहुंचाई, जहां रवनीत (23वें मिनट) ने शानदार अंदाज़ में गेंद को नेट में डाल दिया।

ग्रेट ब्रिटेन ने हालांकि जल्द ही स्कोर बराबर कर दिया। कप्तान मैक्स एंडरसन ने दाईं ओर से दौड़कर गेंद को सेंटर में माइकल रॉयडेन (26वें मिनट) की ओर पास किया, जिन्होंने गोल करने में कोई गलती नहीं की। ग्रेट ब्रिटेन को 45वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन भारतीय गोलकीपर ¨प्रस दीप सिंह के शानदार बचाव के कारण वे इसका फायदा नहीं उठा सके। कुछ ही सेकंड बाद भारत को भी मैदान के दूसरे छोर पर पेनल्टी कॉर्नर मिला।

रोहित ने इस मौके पर आगे बढकर शानदार ड्रैगफ्लिक से गोल करके भारत को फिर से बढत दिला दी। ग्रेट ब्रिटेन को 46वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक मिला, जिसे कैडेन ड्रेसी ने गोल में बदलकर फिर से स्कोर बराबर कर दिया। 

भारत ने क्रमश: 50वें, 51वें और 52वें मिनट में लगातार पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए और हालांकि वे पहले दो मौकों का फायदा नहीं उठा सके, लेकिन रोहित ने तीसरे प्रयास में शानदार गोल करके भारत को जीत दिला दी। भारत का अगला मुकाबला रविवार को न्यूज़ीलैंड से होगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights