अयोध्या के भव्य और दिव्य राम मंदिर में 22 जनवरी को होने वाले रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह में अभी कुछ दिन ही रह गए है। प्राण प्रतिष्ठा के बाद रामलला अपने गर्भगृह में विराजमान हो जाएगे। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव भी जरूर जाएंगे। यह जानकारी उन्होंने खुद दी है। इसी बात को लेकर अब हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास ने अपनी प्रतिक्रिया दी है और अखिलेश पर जमकर निशाना साधा है।
अखिलेश यादव के राम मंदिर समारोह में शामिल होने की बात पर हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास ने उन पर तंज कसा है। उन्होंने अखिलेश यादव की सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर की गई पोस्ट का जवाब देते हुए कहा, ‘जिसके दामन में कारसेवकों के खून के छींटे हों, वह राम मंदिर नहीं आया करते।’ इस तरह महंत राजू दास ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा और उनके दामन में कारसेवकों के खून के छींटे होने का आरोप लगाया।
सपा प्रमुख ने शनिवार रात सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर चंपत राय को लिखे एक पत्र को साझा किया है, जिसकी शुरुआत में उन्होंने ‘‘आदरणीय श्री चंपत राय जी, महासचिव, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र, अयोध्या” संबोधन के साथ लिखा है, ‘‘श्री राम जन्मभूमि मंदिर, अयोध्या के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के स्नेह निमंत्रण के लिए धन्यवाद एवं समारोह के सकुशल संपन्न होने की हार्दिक शुभकामनाएं। हम प्राण प्रतिष्ठा समारोह के पश्चात सपिरवार दर्शनार्थी बनकर अवश्य आएंगे। आज प्राप्त निमंत्रण के लिए पुन: धन्यवाद।” हालांकि, सपा प्रमुख यादव ने शुक्रवार को कहा था कि उन्हें अयोध्या में होने जा रहे भगवान राम के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का निमंत्रण न तो व्यक्तिगत रूप से और न ही कूरियर से मिला हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर उन्हें निमंत्रण कूरियर से भेजा गया है तो उसकी रसीद उन्हें दिखा दी जाये, ताकि यह पता चल सके कि निमंत्रण सही पते पर ही भेजा गया है या नहीं।
