हिमाचल प्रदेश में नगर निगम चुनाव प्रचार के अंतिम दिन मंडी में बीजेपी ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस सरकार पर बड़ा हमला बोला. पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंडी के सभी 14 वार्डों में रोड शो और चौहट्टा बाजार में जनसभा को संबोधित करते हुए दावा किया कि मंडी, पालमपुर, धर्मशाला और सोलन नगर निगमों में बीजेपी ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी.

जयराम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार की जनविरोधी नीतियों और अधूरी गारंटियों से जनता निराश हो चुकी है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश का हर वर्ग सरकार की कार्यशैली से परेशान है और अब बदलाव चाहता है. ठाकुर ने कहा कि ये नगर निगम चुनाव सिर्फ स्थानीय निकाय चुनाव नहीं, बल्कि हिमाचल में कांग्रेस की विदाई का संकेत साबित होंगे.

प्रलोभन की राजनीति पर उतर आई है कांग्रेस- जयराम ठाकुर

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि मैं चारों जगह प्रचार करके आया हूं और निश्चित रूप से कह सकता हूं कि चारों जगह कमल खिलेगा. साथ ही इस सरकार के विदाई की शहनाई बज उठेगी. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर आदर्श चुनाव आचार संहिता के सरेआम उल्लंघन का गंभीर आरोप लगाते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि हार के डर से बौखलाई कांग्रेस अब प्रलोभन की राजनीति पर उतर आई है. जिसका प्रमाण मुख्यमंत्री द्वारा चुनावी सभाओं में खुलेआम यह कहना है कि कांग्रेस पार्षदों को जिताने पर वार्डों को 50 लाख से एक करोड़ रुपये का बजट दिया जाएगा.

पालमपुर से लेकर सोलन तक कांग्रेस का सूपड़ा साफ होना तय

उन्होंने इस बयान को लोकतंत्र की मर्यादा का अपमान और मतदाताओं को खरीदने का एक असफल प्रयास करार देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का यह कृत्य चुनाव आयोग की निष्पक्षता को चुनौती दे रहा है. जिसके विरुद्ध बीजेपी औपचारिक रूप से शिकायत दर्ज करवाकर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग कर रही है. ठाकुर ने मंडी में उमड़े जनसैलाब को बीजेपी की विजय का अग्रिम संकेत बताते हुए कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे मतदान के दिन तक पूरी ऊर्जा के साथ डटे रहें. क्योंकि जनता अब कांग्रेस के कुशासन और संवैधानिक संस्थाओं के अपमान का बदला लेने के लिए पूरी तरह तैयार है और आगामी मतगणना के दिन पालमपुर से लेकर सोलन तक कांग्रेस का पूरी तरह सूपड़ा साफ होना तय है.

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights