उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एक बार फिर नशीले पदार्थों की बड़ी खेप पकड़ी गई है। सूत्रों के मुताबिक, कस्टम और आव्रजन अधिकारियों ने बैंकॉक से लौटे दो यात्रियों के बैग से 13.16 किलो हाइड्रोपोनिक वीड बरामद किया है, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 13 करोड़ रुपये बताई जा रही है। हालांकि अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, बिजनौर निवासी मोहम्मद इमरान एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से लखनऊ पहुंचा था। आव्रजन अधिकारियों ने उसे प्रोफाइलिंग के आधार पर रोक लिया था। वहीं उनसे पूछताछ और जांच में कई चीजे सामने आ गई है। पूछताछ में सामने कि बैंकॉक में एक व्यक्ति ने इस सामान को लखनऊ पहुंचाने के लिए कहा था। सूत्रों के मुताबिक, लखनऊ में जिस व्यक्ति को यह सामान सौंपना था उसका नाम समीर बताया जा रहा है
बिजनौर का मणिकांत फरार
हालांकि अधिकारियों की जांच में यात्री इमरान के बैग से हाइड्रोपोनिक वीड के 12 पैकेट बरामद हुए है। बताया जा रहा है कि इसी दौरान एक अन्य संदिग्ध यात्री अपना बैग छोड़कर फरार हो गया है, उसका बैग बेल्ट से बरामद किया गया है, जिसमें 12 पैकेट और मिले है। भागे हुए यात्री की पहचान हो गई है, उसकी पहचान बिजनौर निवासी मणिकांत के रूप में हुई है।
बैंकॉक से ड्रग्स लखनऊ तक पहुंचा
जांच में सामने आया कि दोनों यात्री साथ में बैंकॉक से ड्रग्स लेकर आए थे। कस्टम विभाग ने दोनों बैगों से मिले कुल 24 पैकेट जब्त कर लिए हैं। फिलहाल मोहम्मद इमरान को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है, जबकि मणिकांत की तलाश की जा रही है।
बता दें, यह कोई पहला मामला नहीं है जब इस तरीके की अवैध चीजें बरामद हुई है। इससे पहले भी लखनऊ एयरपोर्ट पर डीआरआई ने बैंकॉक से आए दो यात्रियों से करीब 25 करोड़ रुपये मूल्य के ड्रग्स पकड़े थे। फिलहाल जांच एजेंसियां इस पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने में जुट गई हैं।
