झारखंड के गोड्डा के सांसद फुरकान अंसारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार पर लगाए गए आरोपों पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व तीखा विरोध जताया है। अंसारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल में ‘भय, भ्रष्टाचार और अराजकता’ का माहौल होने, महिलाओं पर अत्याचार बढ़ने और घुसपैठ जैसी समस्याओं का आरोप लगाकर जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया है, वह दुर्भाग्यपूर्ण और पूरी तरह राजनीतिक है।
“अगर प्रधानमंत्री को वास्तव में पश्चिम बंगाल की चिंता है, तो…”
अंसारी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री को किसी राज्य को बदनाम करने के बजाय वहां की जनता के हित में सकारात्मक और रचनात्मक भूमिका निभानी चाहिए। अंसारी ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री को वास्तव में पश्चिम बंगाल की चिंता है, तो उन्हें आरोप-प्रत्यारोप करने के बजाय राज्य के विकास के लिए विशेष पैकेज और अतिरिक्त आर्थिक सहायता देनी चाहिए। केवल चुनाव के समय बंगाल की समस्याओं को याद करना और उसके बाद उन्हें भूल जाना, यह प्रधानमंत्री पद की गरिमा के अनुरूप नहीं है। अंसारी ने कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा यह कहना कि ‘बंगाल के लोगों को देखकर मुझे रोना आता है’ बेहद अफसोसजनक है। यह सवाल उठता है कि अगर उन्हें सचमुच दुख और पीड़ा महसूस होती है, तो वे उस स्थिति को सुधारने के लिए ठोस कदम क्यों नहीं उठाते। आखिर वे पूरे देश के प्रधानमंत्री हैं और पश्चिम बंगाल के लोगों के भी प्रधानमंत्री हैं। ऐसे में वहां के लोगों की चिंता करना और राज्य के विकास के लिए आवश्यक सहयोग देना उनकी नैतिक और संवैधानिक जिम्मेदारी बनती है, लेकिन दुर्भाग्य से वे समाधान खोजने के बजाय केवल राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप कर रहे हैं और अपनी जिम्मेदारियों से बचते हुए दिखाई दे रहे हैं।
“बंगाल की जनता इस बार भी भाजपा को करारा जवाब देगी”
अंसारी ने कहा कि भाजपा बार-बार पश्चिम बंगाल को बदनाम करने की कोशिश करती है, जबकि सच्चाई यह है कि बंगाल की जनता लोकतंत्र, सामाजिक सौहार्द और विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को यह भी याद रखना चाहिए कि केंद्र और राज्य मिलकर ही देश का विकास करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा हर चुनाव से पहले किसी न किसी राज्य में डर और भ्रम का माहौल बनाने की कोशिश करती है, लेकिन अब देश की जनता इस राजनीति को भली-भांति समझ चुकी है। अंसारी ने दावा करते हुए कहा कि आने वाले पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इंडिया महागठबंधन पूरी तरह एकजुट है और बंगाल की जनता इस बार भी भाजपा को करारा जवाब देगी।
