दिल्ली में त्योहारों से पहले जहां लोग पतंगबाजी की तैयारियों में जुटे हैं वहीं चीनी मांझे की वजह से एक और जान चली गई। इस बार हादसा इतना भयानक था कि एक नौजवान की गर्दन कट गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। यह घटना दिल्ली पुलिस के लिए चेतावनी बनकर सामने आई है और अब पुलिस ने इस खतरनाक मांझे के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार शाम उत्तर-पूर्वी दिल्ली के करावल नगर निवासी 22 वर्षीय यश गोस्वामी स्कूटर चला रहे थे। वह रानी झांसी फ्लाईओवर के पास पहुंचे ही थे कि अचानक एक चीनी मांझे की डोर उनकी गर्दन पर लिपट गई। डोर इतनी धारदार थी कि यश की गर्दन गहरे तक कट गई और वह स्कूटर से गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत बारा हिंदू राव अस्पताल पहुंचाया लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस की जांच में साफ हुआ कि यह हादसा प्रतिबंधित चीनी मांझे के कारण हुआ है। मौके से यश के स्कूटर और शरीर पर मांझे के रेशे भी पाए गए हैं। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया और पूरे मामले में अज्ञात के खिलाफ लापरवाही से हुई मौत का केस दर्ज कर लिया है।

क्यों खतरनाक है चीनी मांझा?

चीनी मांझा असल में कांच और प्लास्टिक से तैयार किया जाता है। यह नायलॉन से बना एक बेहद मजबूत और धारदार धागा होता है।

* यह न सिर्फ इंसानों की जान ले सकता है।
* पक्षियों के लिए भी जानलेवा साबित हो चुका है।
* बिजली की तारों से उलझकर आग लगने की घटनाएं भी हो चुकी हैं।

दिल्ली सरकार ने 2017 में इस पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया था लेकिन इसके बावजूद अवैध बिक्री और सप्लाई बदस्तूर जारी है। रक्षाबंधन और स्वतंत्रता दिवस जैसे त्योहारों के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने चीनी मांझे के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत हाल ही में कई छापेमारी की गई जिसमें 1,100 से अधिक रोल जब्त किए गए।

पहली छापेमारी: उत्तम नगर से बड़ी बरामदगी

गुरुवार को पुलिस ने उत्तम नगर के जीवन पार्क इलाके में एक गोदाम पर छापा मारा। वहां से 922 रोल चीनी मांझा बरामद किए गए और 51 वर्षीय राजू चौरसिया को गिरफ्तार किया गया। राजू पहले एक दुकान चलाता था लेकिन अब सोशल मीडिया जैसे Facebook के जरिए ऑनलाइन भी यह खतरनाक मांझा बेच रहा था। पुलिस जांच में पता चला है कि उसके खिलाफ 2022 में दो मामले पहले भी दर्ज हैं। उस पर अब BNS की धारा 223B (लोक सेवक के आदेश की अवहेलना) और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, 1986 की धाराएं 5 और 15 लगाई गई हैं।

दूसरी छापेमारी: कमला मार्केट से गिरफ्तारी

अगले दिन यानी शुक्रवार को पुलिस ने कमला मार्केट स्थित रामलीला ग्राउंड के पास 22 वर्षीय अरीब खान को गिरफ्तार किया। वह चार बड़े डिब्बों में 248 रोल चीनी मांझा लेकर जा रहा था। अरीब दरियागंज की एक कपड़े की दुकान में काम करता है और उसने पूछताछ में बताया कि वह ज्यादा मुनाफे के चक्कर में इस कारोबार से जुड़ा था।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights