कोलकाता के बेहाला इलाके में शनिवार शाम एक 20 साल की युवती के साथ बेहद शर्मनाक घटना हुई है. आरोप है कि उसके ही एक दोस्त ने उसे जबरन कार में बैठाया, और दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. ये बहस जल्दी ही झगड़े में बदल गई. युवती का कहना है कि कार चलते समय उसके साथ मारपीट की गई और उसके साथ छेड़छाड़ भी की गई.
पीड़िता हरिदेवपुर के राजा राम मोहन राय रोड (ईस्ट) की रहने वाली है. उसने पुलिस को बताया कि शनिवार शाम करीब 5.30 बजे आरोपी अर्नब शॉ उसे कार में लेकर निकला था. कार डायमंड हार्बर रोड पर बागिर खाल से बेहाला चौरस्ता की ओर जा रही थी. इसी दौरान आरोपी ने उसे कार के अंदर जबरन रोके रखा था. उसने गंदी गालियां दीं, हाथ, मुक्के और लात से हमला किया. साथ ही गंभीर धमकियां भी दी थी.
विरोध करने पर गुस्से में आ गया आरोपी
लड़की का आरोप है कि जब वो विरोध करती रही तो आरोपी और गुस्सा में आ गया. कार उस समय भी चल रही थी. आखिर में बेहाला चौरस्ता के पास, जो शाम के वक्त काफी व्यस्त इलाका रहता है, उसे चलती कार से बाहर धक्का दे दिया. वह सड़क पर गिर गई, और आरोपी वहां से भागने की कोशिश करने लगा.
करीब रात 8 बजे एक ट्रैफिक सार्जेंट की नजर घायल युवती पर पड़ी, उसने तुरंत अन्य पुलिसकर्मियों को सूचना दी. पुलिस टीम ने तुरंत कार का पीछा शुरू किया. लगभग 2 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद डायमंड हार्बर रोड और बनमाली नस्कर रोड के चौराहे पर कार को रोक लिया गया. पुलिस ने आरोपी अर्नब शॉ को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया, और कार भी जब्त कर ली गई है.
सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रहे हैं पुलिस कर्मी
कुछ देर बाद युवती अपने पिता और परिवार के अन्य लोगों के साथ बेहाला थाने पहुंची. उसके पिता ने एफआईआर दर्ज कराई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. लड़की की पहचान कानून के तहत गोपनीय रखी गई है. ऐसे मामलों में पीड़िता का नाम सार्वजनिक नहीं किया जाता है.
रविवार को आरोपी को अलीपुर अदालत में पेश किया गया है. वहां से उसे कुछ शर्तों के साथ जमानत मिल गई है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है. आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज भी देखे जा रहे हैं. इस घटना ने इलाके में चिंता बढ़ा दी है. लोग महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं.
