कुशीनगर जिले के अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवक की हत्या कर दी गई और उसका शव एक मोबाइल टावर के पास मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के बरडीहा गांव निवासी संदीप यादव (24) को शनिवार रात करीब 11 बजे कोई उसके घर से बुलाकर ले गया।
परिजनों के अनुसार, संदीप ने किसी को अपने घर से जाने की जानकारी नहीं दी थी। देर रात करीब एक बजे संदीप के मोबाइल से गांव के ही एक युवक को फोन पर बताया गया कि संदीप मोबाइल टावर के पास पुलिया पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा है। सूचना पर जब ग्रामीण वहां पहुंचे तो संदीप मृत मिला।
अहिरौली बाजार थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी प्रविन्द्र राय ने बताया कि पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की तलाश में जुट गई है। उन्होंने कहा कि जांच की जा रही है कि संदीप को किसने बुलाया और हत्या क्यों की गई।
