ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में शनिवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस एनकाउंटर में गैंगस्टर बदमाश के पैर में गोली लगी है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाश के एक अन्य साथी को मौके से धर दबोचा गया है। दोनों बदमाश ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में बिजली सप्लाई करने वाले ट्रांसफार्मर से महंगे उपकरण चुराकर लोगों के आम जीवन में बाधा डाल देते थे।
चांद मोहम्मद को लगी गोली
एडिशनल डीसीपी ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार ने बताया कि पुलिस मुठभेड़ के दौरान बुलंदशहर के गांव गंगरेवा के रहने वाले गैंगस्टर बदमाश चांद मोहम्मद को गोली लगी है। उस पर आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज है। चांद के साथी अमन को मौके से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूछताछ के दौरान पता चला है कि आज भी बदमाश आपराधिक वारदात को अंजाम देने जा रहे थे तभी पुलिस ने दोनों को काबू कर लिया है।
बिना नंबर की बाइक पर सवार थे बदमाश
पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल हुए बदमाश के कब्जे से बिना नंबर की बाइक बरामद हुई है। आशंका है कि बाइक चोरी की है। इसी का इस्तेमाल करके बदमाश आपराधिक वारदात को अंजाम देते थे। बाइक के अलावा बदमाशों के कब्जे से दो तमंचा और कारतूस भी बरामद हुआ है।
सीसीटीवी कैमरे में हुए थे कैद
दादरी में ट्रांसफार्मर से उपकरण चुराने की घटना को अंजाम देने के दौरान बदमाश एक सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुए थे। इसी आधार पर बदमाशों की पहचान की गई और उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। अब दोनों बदमाशों को काबू किया गया है।
