ग्रेटर नोएडा के थाना दादरी थाना क्षेत्र में घरेलू गैस लीकेज के कारण एक घर में आग लग गई। इस हादसे में मैकेनिक समेत परिवार के चार सदस्य झुलस गए। पड़ोसियों ने सभी को दादरी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने बताया कि गंगा शरण दादरी के एस्कोर्ट कॉलोनी में परिवार वालों के साथ किराए के घर में रहते हैं।
गुरुवार शाम को उसके गैस सिलेंडर में तकनीकी खराबी आ गई, जिसे सुधारने के लिए उसने मैकेनिक बुलाया था। शाम करीब छह बजे मैकेनिक सिलेंडर की जांच रसोई में कर रहा था। तभी अचानक आग भड़क उठी। वहां मौजूद गंगाशरण, उनकी पत्नी मुनेश, 10 साल का बेटा वरुण और मैकेनिक सोनू बुरी तरह झुलस गए।
चीख-पुकार मचने पर पड़ोसियों ने दौड़कर आग बुझाई और घायलों को दादरी अस्पताल में पहुंचाकर पुलिस को खबर दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। पड़ोसियों का कहना है कि सिलेंडर से गैस लीक हो रही थी, जिससे रसोई गैस से भर गई। सिलेंडर ठीक करते समय ज्वलनशील वस्तु के स्पर्श से भरी गैस भड़क उठी और यह हादसा हो गया।
इस संबंध में गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गुरुवार को थाना दादरी क्षेत्र के एस्कॉर्ट कॉलोनी में गंगाशरण पुत्र छत्रपाल निवासी ग्राम सलामतपुर, थाना अनूपशहर, बुलंदशहर अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहते हैं। उनके घर पर गैस सिलेंडर लीकेज होने के कारण मैकेनिक को सही करने घर पर बुलाया था। मैकेनिक द्वारा सिलेंडर चैक करने के दौरान आग लग जाने से गंगाशरण उम्र 42 वर्ष, गंगाशरण की पत्नी मुनेश उम्र 40 वर्ष, गंगाशरण का पुत्र वरुण उम्र 12 वर्ष तथा मैकेनिक झुलस गए थे, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। कार्रवाई की जा रही है।
